हिमाचल के लाहौल-स्पीति में उदयपुर के लिए हेलीकॉप्टर की उड़ान न होने से लोगों को मायूस लौटना पड़ा। सीएम के दौरे के चलते भुंतर से स्तींगरी के लिए ही एक उड़ान हो सकी। 19 लोगों को लाहौल पहुंचाया गया। जबकि, यहां से 18 लोगों को भुंतर में उतारा गया। जनजातीय जिले लाहौल-स्पीति के लिए प्रदेेश सरकार ने हेलीकॉप्टर सेवा शुरू कर दी है।
बुधवार को जीएडी की ओर से स्तींगरी और उदयपुर के लिए उड़ानें प्रस्तावित थी। मुख्यमंत्री के मनाली दौरे के चलते केवल एक ही उड़ानें भुंतर से स्तींगरी के लिए हो सकी है। दूसरी उड़ान नहीं हो सकी। शिमला से मुख्यमंत्री को लेकर आए हेलीकॉप्टर ने मनाली के बहांग स्थित सासे हेलीपैड में लैंड किया और बाद में भुंतर के लिए रवाना हुआ। इसके बाद हेलीकाप्टर ने स्तींगरी के लिए उड़ान भरी और 19 सवारियों को लाहौल पहुंचाया गया।
जबकि यहां से 18 लोगों को भुंतर में उतारा गया। घाटी में हुई बर्फबारी केे बाद इन दिनों लाहौल का तापमान शून्य से नीचे जा रहा है। ऐसे में दिन भर उदयपुर हेलीपैड में हेलीकॉप्टर के इंतजार बैठे यात्रियों को निराश होकर लौटना पड़ा। उड़ान समिति के कुल्लू प्रभारी अशोक कुमार ने बताया कि जीएडी की ओर से लाहौल के लिए दो उड़ानें प्रस्तावित थी। इसमें केवल एक उड़ान ही स्तींगरी के लिए हो पाई।