हिमाचल में हो रही भारी बारिश से हुए विभिन्न हादसों में दो मासूमों सहित चार की लोगों की जान चली गई है। यहां अगले दो दिन तक मौसम और कहर बरपाएगा। ऊना के बंगाणा उपमंडल की राजपुरा खड्ड में दो मासूमों की डूबने से मौत हो गई।
अंकिता (11) और सौरव (13) पशु चराने गए थे और हादसे का शिकार हो गए। मनाली के रांगड़ी के पास पहाड़ी से पत्थर गिरने से एक बाइक सवार की उसकी चपेट में आने से मौत हो गई। सोलन के बद्दी में छत से बारिश का पानी हटाने गए मोहम्मद सद्दाम (24) की करंट लगने से मौत हो गई।
बद्दी की सरसा नदी में आई बाढ़ से आधा दर्जन अस्थायी पुल बह गए हैं जिससे 12 गांवों का संपर्क कट गया है। बारिश से प्रदेश भर में तीन दर्जन से अधिक सड़कें मलबा गिरने से बाधित हो गई हैं।