हमीरपुर-मंडी राष्ट्रीय राजमार्ग पर भूस्खलन
- फोटो : संवाद
हमीरपुर-मंडी राष्ट्रीय राजमार्ग तीन पाडछू में भूस्खलन के चलते वाहनों की आवाजाही के लिए बंद हो गया है। सोमवार शाम को भारी बारिश के चलते अचानक पहाड़ी से चट्टानें गिरीं। इससे मार्ग बंद हो गया। बारिश और फिसलन के चलते मार्ग को बहाल करने में कठिनाई आ रही थी। इसके चलते अब यह मार्ग सुबह यानी मंगलवार को ही खुलने की उम्मीद है। उधर परसदा के पास भी फिसलन के चलते मार्ग पर आवाजाही बंद है। ऐसे में धर्मपुर और सरकाघाट के लोगों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
मंडी जिले में मूसलाधार बारिश के साथ अधड़
छोटी काशी समेत पूरे जिले में सोमवार दोपहर बाद अचानक मूसलाधार बारिश हुई। इसके चलते लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। बारिश से पहले आंधी और तूफान के चलते बाजारों में अफरातफरी का माहौल देखने को मिला। इस दौरान दुकानों का सामान, होर्डिंग आदि उड़ते दिखे। अचानक बारिश से लोगों को गंतव्यों को जाना कठिन हो गया। छोटी काशी में करीब साढ़े तीन से पांच बजे तक जोर की बारिश हुई। तेज बिजली की गर्जना के साथ बाजारों में सड़कों पर जलभराव हो गया। वाहनों को भी पानी के ऊपर से चलना कठिन हो गया।
सराज के थुनाग बाजार में बारिश से बाजार की सड़कें लबालब भर गईं। इससे बाजार के कारोबारियों और लोगों की मुश्किलें बढ़ गईं। इसके अलावा सुंदरनगर, बल्ह, सरकाघाट में भी तेज बारिश हुई। बारिश नकदी फसलों के लिए काफी नुकसान देय है। इससे बल्ह घाटी में टमाटर की फसल को नुकसान हो रहा है। वहीं सेब और गुठलीदार फल के लिए भी बारिश ठीक नहीं है। हालांकि मक्का, धान की फसल की बुआई के लिए फसल ठीक है।
किसान रोशन लाल, अमर सिंह, तेजनाथ का कहना है कि अब मक्का, धान की बुआई की जानी है तो उसकी लिए बारिश ठीक है।