बाहरी राज्यों की सब्जी मंडियों में बंगलुरु और नासिक के टमाटर की भारी आवक से प्रदेश के टमाटर के दामों में भारी गिरवाट आई है। टमाटर के दाम चार से 25 रुपये प्रतिकिलो तक पहुंच गए हैं। एक ग्रेड टमाटर का क्रेट 625 रुपये तक पहुंच गई है। पुरानी अगेती फसल के टमाटर का क्रेट 100 रुपये तक बिका। टमाटर के गिरते दामों से किसान भी चिंतित हैं। बाजार में टमाटर के दाम अभी भी 50 रुपये किलो है। इससे आम जनता को चूना लगाया जा रहा है। बंगलुरु, नासिक का टमाटर कोलकता, दिल्ली की बड़ी मंडियों में भारी मात्रा पहुंचना शुरू हो गया है।
बड़ी मंडियों से आने वाले कारोबारियों ने भी सोलन मंडी आना बंद कर दिया है। ये कारोबारी अब बंगलुरू और नासिक के टमाटर की खरीद ही कर रहे हैं। वहीं प्रदेश में भारी बारिश के चलते भी बाहरी राज्यों के कारोबारी यहां आना पसंद नहीं कर रहे हैं। इससे कुछ कारोबारी मिलीभक्त से टमाटर की खरीद कर रहे हैं। इससे किसानों को लागत पूरी करना भी मुश्किल हो गया है। जिले के कुछ किसान टमाटर पानीपत, सोनीपत की मंडियों में भेज रहे हैं। यहां पर टमाटर का एक क्रेट सोलन से 200 से 400 रुपये अधिक दाम में बिक रहा है।
मंडी समिति सोलन के सचिव डॉ. रविंद्र शर्मा ने बताया कि बाहरी राज्यों से दिल्ली, कोलकाता समेत अन्य मंडियों में टमाटर की अधिक खेप पहुंच रही है। इस कारण टमाटर के दामों में कमी आई है। एक-दो सप्ताह दामों में कमी रहेगी। इसके बाद दाम में उछाल आने की संभावना है।