बिलासपुर/झंडूता। जिले में कोरोना से एक महिला की मौत हो गई, जबकि 13 नए मामले सामने आए हैं। जिले में बुधवार को 13 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई है। जिले में अब संक्रमितों का आंकड़ा 2396 पहुंच गया है। अब तक 383 एक्टिव केस हैं। वहीं मंगलवार को 28 लोगों ने कोरोना को मात दी है।
झंडूता क्षेत्र में कोरोना पॉजिटिव महिला की मौत हो गई। ग्राम पंचायत बैहना ब्राह्मणा की एक 60 वर्षीय महिला को परिजन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र झंडूता लेकर गए। जहां पर डॉक्टर ने रूटीन चेकअप करने के बाद उसका कोरोना सैंपल लिया। हल्की सी लाइन आने पर संदेह हुआ। दोबारा जांच की तो रिपोर्ट वैसी ही रही। दोपहर बाद महिला की अचानक मौत हो गई। जब तीसरी बार जांच की तो महिला कोरोना पॉजिटिव आई। स्वास्थ्य विभाग ने प्रशासन के पहरे में सीर खड्ड किनारे तुगड़ी श्मशानघाट में अंतिम संस्कार किया। खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ अरविंद टंडन ने बताया कि एक महिला सुबह अस्पताल आई थी तो उसे सांस, बुखार और उल्टी की समस्या थी। डॉक्टर ने रूटीन चेकअप के बाद कोरोना का टेस्ट किया तो उसमें हल्की लाइन दिखाई दे रहे थी। दोबारा टेस्ट किया तो भी वैसी ही स्थिति रही। महिला की मौत के बाद टेस्ट किया तो रिपोर्ट पॉजिटिव आई। स्वास्थ्य विभाग ने प्रशासन के पहरे में अंतिम संस्कार किया।
सीएमओ बिलासपुर डॉक्टर प्रकाश दड़ोच ने बताया कि नाल्टी से 68 व 26 वर्षीय, सलासी से 57 वर्षीय, रानी कोटला से 27 वर्षीय, नसवाल से 26 वर्षीय, एम्स कोटीपुरा से 24 वर्षीय, रौड़ा सेक्टर से 38, 47, 7, 7, 63 वर्षीय, बेहरन जांगला से 60 वर्षीय, पंड़ोह से 30 वर्षीय कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। डॉक्टर प्रकाश दड़ोच ने बताया कि सभी संक्रमितों को नियमानुसार आइसोलेट कर दिया गया है। 206 रैपिड एंटिजन सैंपलों में से 13 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। बुधवार को 184 सैंपल शिमला भेजे गए हैं। इनकी रिपोर्ट आनी बाकी है।