हिमाचल प्रदेश में मरीजों को अब ई-संजीवनी ओपीडी के माध्यम से 12 घंटे स्वास्थ्य परामर्श चिकित्सा सेवाएं मिलेगी। पहले ई-संजीवनी के माध्यम से डॉक्टर साढ़े 9 से 4 बजे तक सेवाएं देते थे। रविवार और अन्य छुट्टी वाले दिनों में भी ई-संजीवनी ओपीडी सुबह 10 बजे से सायं 4 बजे तक कार्यशील रहेगी। कोरोना के चलते यह व्यवस्था की गई है। ई-संजीवनी पोर्टल के माध्यम से 82283 और ई-संजीवनी ओपीडी के माध्यम से 1648 परामर्श सेवाएं दी गई हैं।
सरकार हिमाचल में दो पोर्टल के माध्यम से टेली-परामर्श सेवाएं दे रही है। ई-संजीवनी पोर्टल के माध्यम से हेल्थ एवं वेलनेस केंद्रों व उप स्वास्थ्य केंद्रों के सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के चिकित्सा अधिकारी, आईजीएमसी शिमला, आरपीजीएमसी टांडा और नेरचौक मेडिकल कॉलेज में स्थापित तीन टेली हब के विशेषज्ञों से टेली परामर्श ले सकते हैं।
जबकि दूसरे पोर्टल ई-संजीवनी ओपीडी पर राज्य का कोई भी व्यक्ति चिकित्सा महाविद्यालय के टेली हब में तैनात किसी भी चिकित्सक से टेली परामर्श ले सकता है। स्वास्थ्य मिशन निदेशक निपुण जिंदल ने बताया कि कोरोना कर्फ्यू के दृष्टिगत सरकार ने ई-संजीवनी ओपीडी को सभी कार्य दिवस में सुबह 8 से रात्रि 8 बजेे तक कार्यशील कर इसकी समयावधि बढ़ाई है। ई-संजीवनी ओपीडी में तैनात चिकित्सकों को कोविड मरीजों को परामर्श देने के लिए प्रशिक्षित किया गया है।