डॉ. राधाकृष्णन राजकीय मेडिकल कॉलेज अस्पताल हमीरपुर की रोगी कल्याण समिति की गवर्निंग बॉडी की बैठक बुधवार को स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण और आयुर्वेद मंत्री डॉ. राजीव सैजल की अध्यक्षता में हुई। इसमें वित्तीय वर्ष 2021-22 के लिए अनुमानित 5 करोड़ 84 लाख रुपये से अधिक के बजट को अनुमोदित किया गया। रोगी कल्याण समिति के तहत लंबे समय से सेवाएं दे रहे कर्मचारियों के मानदेय में प्रतिवर्ष 4 फीसदी की बढ़ोतरी करने की अनुमति भी दे दी गई।
निर्णयों की समीक्षा करते हुए डॉ. राजीव सैजल ने कहा कि मेडिकल कॉलेज अस्पताल के बेहतर प्रबंधन और इसमें आम लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए अस्पताल प्रशासन तथा रोगी कल्याण समिति के सदस्य एक सप्ताह के भीतर समीक्षा बैठक करें और गवर्निंग बॉडी की बैठक में उठाए गए विभिन्न मुद्दों पर आपसी तालमेल के साथ कार्य करें। बैठक के दौरान गैर सरकारी सदस्यों की ओर से प्राप्त सुझावों पर गंभीरतापूर्वक विचार करके इन्हें शीघ्र ही अमलीजामा पहनाया जाएगा।