हिमाचल प्रदेश में युवाओं में बढ़ते एचआईवी संक्रमण को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने कॉलेजों में रेड रिबन क्लब के माध्यम से जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को एचआईवी/एड्स के कारणों, बचाव के उपायों और समय पर जांच के महत्व के बारे में जानकारी देना और जागरूक करना है। जिला कांगड़ा में विभिन्न कॉलेजों में 29 रेड रिबन क्लबों की ओर से लोगों को जागरूक किया जा रहा है। विभाग के अनुसार प्रदेश में एचआईवी के कुल मामलों में 16 से 45 वर्ष आयु वर्ग की हिस्सेदारी 60 प्रतिशत से अधिक है, जो चिंता का विषय है। इसी को ध्यान में रखते हुए कॉलेज स्तर पर सेमिनार, कार्यशालाएं, जागरूकता रैलियां और संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। रेड रिबन क्लब के स्वयंसेवक युवाओं को सुरक्षित व्यवहार अपनाने, भ्रामक धारणाओं से दूर रहने और एचआईवी संक्रमित व्यक्तियों के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण रखने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। सही जानकारी और जागरूकता से संक्रमण की दर को प्रभावी रूप से कम किया जा सकता है।