जिला कांगड़ा और हमीरपुर की सीमा पर सुजानपुर के जंगलबैरी में ब्यास नदी में खनन कर रहे माफिया पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सुजानपुर पुलिस ने शुक्रवार रात दो बजे ब्यास नदी के समीप जंगलबैरी क्षेत्र में इस कार्रवाई को अंजाम दिया। सुजानपुर पुलिस टीम ने एसएचओ सतपाल शर्मा की अगुवाई में गुप्त सूचना के आधार पर मौके पर पांच जेसीबी और 13 टिप्पर खनन करते हुए पाए और इन्हें कब्जे में ले लिया। इस मामले में पुलिस ने 12 चालकों व सहायकों को हिरासत में लिया है। जबकि, कुछेक मौके से फरार हो गए।
रात को हुई इस कार्रवाई के दौरान पुलिस अधीक्षक डॉ. आकृति शर्मा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी भी मौके पर पहुंचे और जांच की। हमीरपुर जिला पुलिस की ओर से खनन माफिया के खिलाफ की गई यह अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई है।
इस मामले में पुलिस ने माइनिंग एक्ट के तहत विभिन्न धाराओं में केस भी दर्ज किया है। पुलिस अधीक्षक आकृति शर्मा ने कहा कि खनन माफिया के खिलाफ रात को सरकारी खनिज चोरी करने पर मामला दर्ज कर लिया है तथा खनन करने वाले जेसीबी ऑपरेटर सहित 12 लोगों को हिरासत में लिया है। सभी जेसीबी और टिप्पर मालिकों का पता लगाया जा रहा है।