गुडि़या की दुराचार के बाद हत्या मामले में अब सीबीआई ने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के आईटी सलाहकार गोकुल बुटेल शिमला बुलाया है। फेसबुक पेज को चलाने वालों से सोमवार को सीबीआई पूछताछ कर सकती है।
यह पूछताछ सीएम वीरभद्र सिंह के फेसबुक पेज पर कुछ युवकों के फोटो डालने और इनके वायरल होने के मामले में की जाएगी। सोशल मीडिया पर कई युवकों के फोटो वायरल हुए थे।
बाद में पुलिस ने अपनी जांच में इन युवकों को क्लीन चिट दे दी थी। सूत्रों ने बताया कि सीबीआई यह जानना चाह रही है कि इन युवकों का क्या गुडि़या मामले से कोई कनेक्शन है। अगर ऐसा है तो पुलिस ने इन्हें क्यों छोड़ दिया और अगर इनका इससे कोई मतलब नहीं है तो इनके नाम कैसे सामने आए।
पुलिस अफसर भी आए हैं निशाने पर
सीएम के फेसबुक पेज को ऑपरेट करने वालों तक ये फोटो कैसे पहुंचे। सूत्रों ने बताया कि सीबीआई ने शिमला पुलिस के कुछ अधिकारियों का मोबाइल डाटा भी अपने कब्जे में लिया है।
इसी में ये भी खंगाला जा रहा है कि कहीं किसी पुलिस अधिकारी ने ही ये फोटो आगे सीएम के फेसबुक पेज को चलाने वाले तक तो नहीं भेजे। अगर ऐसा है तो पहले ये फोटो फेसबुक पेज पर क्यों डाले गए और बाद में ये क्यों हटा दिए गए।
सीबीआई इस पूरे मामले को संदेह भरी नजरों से देख रही है। सूत्रों ने बताया कि सीबीआई उनमें से कुछ युवकों से पूछताछ भी कर चुकी है, जिनके फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे। उधर, गोकुल बुटेल का कहना है कि सीबीआई ने उन्हें बातचीत के लिए बुलाया है न कि पूछताछ के लिए।
पीटरहॉफ शिमला से सीबीआई ने नहीं बदला बेस कैंप
सीबीआई ने पीटरहॉफ शिमला से अपना बेस कैंप नहीं बदला है। केंद्रीय जांच ब्यूरो के तमाम अधिकारी शनिवार को भी राज्य अतिथि गृह पीटरहॉफ में ही डटे रहे। ये अधिकारी यहीं मंत्रणा करते रहे।
सूत्रों ने बताया कि सीबीआई के अधिकारियों ने होटल पीटरहॉफ को छोड़ने और इसके लिए हिमाचल सरकार को अलग से व्यवस्था करने को कहा है, मगर सरकार की ओर से इस पर गौर नहीं किया गया है।
जबकि राज्य सरकार के अधिकारी ही सीबीआई के पीटरहॉफ में ठहरे होने और कोटखाई नहीं जाने जैसी बातें कर चुके हैं। अतिरिक्त मुख्य सचिव सामान्य प्रशासन एजेवी प्रसाद ने बताया कि सीबीआई को पीटरहॉफ में ठहराने की व्यवस्था थी। सरकार को अन्यत्र करने मेें भी कोई दिक्कत नहीं होगी।