पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि अपने पांच वर्षों में कांग्रेस सरकार ने हिमाचल प्रदेश को पूरी तरह से कर्ज के बोझ तले दबा दिया है। प्रदेश के प्रत्येक नागरिक के सिर पर साठ हजार से ज्यादा का ऋण हो चुका है। हर महीने अरबों रुपये का कर्जा प्रदेश सरकार वेतन और भत्तों की अदायगी के लिए उठा रही है।
धूमल ने कहा कि 800 करोड़ रुपये का कर्जा और लेने की अधिसूचना जारी कर दी गई है और जिसका कारण कर्मचारियों और पेंशनरों को 4 प्रतिशत डीए की किस्त और अंतरिम राहत देना बताया गया है। धूमल ने कहा कि जनवरी 2017 से देय 4 प्रतिशत महंगाई भत्ता और अंतरिम राहत अक्तूबर 2017 में दस महीनों बाद देने के लिए भी ऋण लेने वाली सरकार के वित्तीय दीवालियेपन की पुष्टि कर रहा है।
ऐसे में सरकार पर बोझ बने बोर्डों और निगमों के लगभग 45 अध्यक्ष और उपाध्यक्ष सफेद हाथी साबित हो रहे हैं जिन पर धन बर्बाद किया जा रहा है। धूमल ने कहा कि मंत्रिमंडल की बैठक के बाद खबर दी जाती है कि नौकरियों का पिटारा खुला। शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग और राजस्व विभाग के इतने संस्थान नये खोलने की घोषणा, या स्तरोन्नत करने की घोषणाएं की जाती हैं।
यह घोषणाएं चुनावी वर्ष में लोगों को गुमराह करने से प्रेरित हैं। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रतिदिन बिना बजट प्रावधान के घोषणाएं, शिलान्यास और आधे-अधूरे भवनों का उद्घाटन कांग्रेस सरकार की पहचान बन चुकी है।
उन्होंने कहा कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली के राशन की मात्रा कम हो गई है। कई महीनों से लोगों को चीनी नहीं मिली है। अब राजमा और काबुली चना के रेट बढ़ाने की घोषणा कर दी गई है। सरसों का तेल नियमित रूप से नहीं मिलता। आने वाले चुनावों में लोग इसका सही उत्तर देंगे।
सीएम वीरभद्र को प्रदेश नहीं छोड़ने देंगे: अनुराग
मैहतपुर (ऊना)। भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में भाजपा आगामी चुनावों में 60 सीटें भी जीतेगी और मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को हिमाचल भी नहीं छोड़ने देगी। उनको इन पांच सालों के सत्ताकाल का जवाब देना होगा। उन्हें बताना होगा कि आखिर उन्होंने जनता और अपने परिवार के लिए क्या-क्या किया है।
शनिवार को मैहतपुर में तिरंगा यात्रा शुरू करने के बाद पत्रकारों से मुखातिब सांसद ने कहा कि सीएम ने कभी मर्यादा में रहकर बयान नहीं दिया। लोकतांत्रिक युग में भी राजशाही की बातें करते हैं। पिछले दिनों मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने एक बयान में कहा था कि अगर भाजपा प्रदेश में 60 सीटें जीत लेगी तो वह हिमाचल ही छोड़ देंगे। सांसद ने कहा कि मौजूदा सरकार ने प्रदेश को कर्ज मेें डूबो दिया है। सूबे में लूट, अपहरण, बलात्कार, नशाखोरी, माफियाराज को बढ़ावा मिला है।
मुख्यमंत्री ने गद्दी समुदाय के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करके गद्दी समुदाय का अपमान किया है। एक सवाल पर सांसद ने कहा कि प्रदेश सरकार में ओबीसी कमीशन एवं महिला कमीशन के दर्द को सुनने वाला कोई नहीं है। लिहाजा प्रदेश की जनता उन्हें आसानी से राज्य नहीं छोड़ने देगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अपनी कुर्सी बचाने में मस्त हैं और उनके मंत्री सत्ता के सुख में व्यस्त हैं।
सांसद ने तिरंगा यात्रा के काफिले की अगुवाई की और बाइक पर सवार होकर ऊना के लिए रवाना हुए। इस मौके पर भाजपा जिला अध्यक्ष बलवीर बग्गा, जिला परिषद सदस्य पंकज सहोड़, लखविंद्र सिंह, सुमित शर्मा, शहरी युवा इकाई अध्यक्ष संजीव ठाकुर, राजन सहोड़ समेत भाजपा युवा मोर्चा के युवक एवं अन्य प्रतिनिधि मौजूद रहे।