परिवहन मंत्री जीएस बाली ने अपनी संपत्ति सार्वजनिक करने का एलान किया है। अपने फेसबुक पेज पर बाली ने 31 मार्च को अपनी संपत्ति सार्वजनिक करने की बात कही है। साथ ही उन्होंने राजनीति में पारदर्शिता लाने के लिए साथी विधायकों से भी अपनी संपत्ति सार्वजनिक करने की अपील की है।
बाली ने यह कदम विपक्ष की ओर से उन पर लगाए जा रहे भ्रष्टाचार के आरोपों के बाद उठाया है। फेसबुक पेज पर पोस्ट के जरिये बाली ने उन नेताओं पर हमला किया है जो कथित रूप से उन पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते रहे हैं।
हालांकि, उन्होंने किसी नेता का नाम नहीं लिखा, लेकिन बाली ने कहा कि कुछ नेता रोजगार, आधारभूत ढांचा मजबूत करने, क्षमता वृद्धि, पर्यटन प्रमोशन जैसे मुद्दों को दरकिनार करने का प्रयास कर रहे हैं।
यही कारण है कि वह गलत आरोप लगाकर लोगों का ध्यान मुख्य बिंदुओं के बजाय अफवाहों पर लाने के प्रयास में जुटे हैं। कहा कि इन्हीं गलत आरोपों को निराधार साबित करने के उद्देश्य से वह 31 मार्च को अपनी संपत्ति का पूरा ब्योरा सार्वजनिक कर देंगे।
मोदी सरकार ने बिगाड़ा रसोई का बजट : सुक्खू
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा है कि घरेलू गैस सिलेंडरों की कीमतों में रिकार्ड 86 रुपये की वृद्धि ने आम जनता के साथ-साथ पूरे देश की गृहणियों की रसोई के बजट को बिगाड दिया है। घरेलू गैस सिलेंडरों की कीमतों में हुई अब तक की यह सबसे बड़ी वृद्धि है। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि यूपीए सरकार के समय जहां बिना सब्सिडी वाले एलपीजी सिलेंडर की कीमत 466 रुपये थी।
वहीं आज इसकी कीमत 737 रुपये हो गई है। ढाई साल में 271 रुपये की केवल गैस सिलेंडरों में वृद्धि 58 प्रतिशत हुई है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने पैट्रोलियम पदार्थों की कीमतों में लगातार वृद्धि की है। जबकि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें निम्न सीमा तक रही। जिसका लाभ देश की जनता को मोदी सरकार द्वारा जानबूझ कर नही दिया गया।
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में महंगाई, बेरोजगारी अपनी चरम सीमा तक पहुंच गई है। प्रधानमंत्री ने देश हित के नाम पर जितनी भी योजनाएं और कार्यक्रम चलाएं हैं। उससे देश और देश की आर्थिकी को भारी नुकसान उठाना पड़ा है। सुक्खू ने कहा प्रधानमंत्री और भाजपा के अन्य नेताओं ने विकास के नाम पर झूठी भाषणबाजी, लोक लुभावने वायदे और आम जनता को गुमराह करने में महारत हासिल कर रखी है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोकसभा चुनावों के समय देश की जनता व गृहणियों से बडे़-बडे़ वायदे किए थे लेकिन इन वायदों के विपरीत मोदी सरकार ने आम लोगों को सुविधा देने के बजाए धोखा ही दिया है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के भाजपा नेता व यहां से चुने हुए भाजपा के चार सांसद, जो कि आज तक केंद्र के समक्ष प्रदेश के हितों की आवाज को उठाने में असमर्थ रहे हैं। वो भी अपनी कुंभकर्णी नींद से जागे तथा प्रदेश की जनता व महिलाओं की आवाज मोदी तक पहुंचाए। सुक्खू ने केंद्र सरकार से घरेलू गैस सिलेंडरों की कीमतों में की गई रिकार्ड बढ़ोतरी को तुरंत वापस लेने की मांग की है।