हिमाचल में तेलों और दालों की कीमतों पर आज स्थिति स्पष्ट होगी। राज्य खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री जीएस बाली ने प्रदेश सचिवालय में चर्चा को एक बैठक बुला ली है।
सरकार ने दोनों खाद्य वस्तुओं पर फिक्स सब्सिडी देने का निर्णय लिया है। इसके बाद इन खाद्य वस्तुओं की कीमतें बढ़नी तय है। बुधवार की बैठक में निर्णय लिया जाएगा कि नई दरों पर राशन कब से से देना है।
इसमें यह भी तय होगा कि जून माह में पुराने तरीके से राशन दिया जाता रहेगा कि नहीं। मंत्रिमंडल ने हाल ही में यह निर्णय लिया है कि सरसों के तेल पर फिक्स सब्सिडी 10 रुपये प्रति लीटर और दालों पर यह 20 रुपये प्रति किलो दी जाएगी।
अभी तक निर्धारित उपदान का ऐसा कोई भी प्रावधान नहीं रहा है। इसे पहली बार किया गया है। सब्सिडी तय करने के बाद अब यह तय है कि सरसों का तेल और दालों के रेट एकाएक बढ़ जाएंगे।
अभी तक यह तय नहीं है कि सरकार का नया निर्णय जून महीने से लागू होगा कि नहीं। बैठक के बाद इस संबंध में कभी भी अधिसूचना जारी हो सकती है।
राज्य खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री जीएस बाली ने कहा है कि वह बुधवार को शिमला में इस पर स्थिति स्पष्ट करेंगे। अधिकारियों को विचार-विमर्श को बुलाया है।