राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने स्वतंत्रता दिवस पर वीरवार को राजभवन में ‘ऐट होम’ की मेजबानी की। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, लेडी गवर्नर दर्शना देवी और मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी डॉ. साधना ठाकुर इस दौरान मौजूद रहीं। 72वें स्वतंत्रता दिवस पर लोगों को बधाई देते हुए राज्यपाल ने कहा कि हम उन महान सपूतों के ऋ णी हैं जिन्होंने देश के लिए अपने प्राणों का बलिदान किया।
इस अवसर पर उन्हें दिल से याद करना ही उनके लिए सच्ची श्रद्धांजलि है। हमें भावी पीढ़ियों में राष्ट्रीय एकता की भावना उत्पन्न करनी चाहिए। भावी पीढ़ी की मानसिकता में क्रांति लाने की जरूरत है। हमें एक दूसरे से प्रेमभाव की भावना के साथ आगे बढ़ना चाहिए और सभी धर्म समान हैं।
इससे पूर्व राजभवन के दरबार हाल में मिथिलेश शास्त्री तथा उनकी पुत्री श्रुति चौहान ने देशभक्ति के गीत प्रस्तुत किए। राज्यपाल तथा मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर उन्हें सम्मानित किया।
हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश संजय करोल, शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज, हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के न्यायाधीश, कांग्रेस विधायक दल के नेता मुकेश अग्निहोत्री, विधायकगण, राज्य भाजपा अध्यक्ष सतपाल सिंह सती, मुख्य सचिव विनीत चौधरी, पुलिस महानिदेशक डॉ. एसआर मरडी, जीओसी-इन-सी ले. जनरल मनोज मुकंद नरवाने इस दौरान मौजूद रहे।