संयुक्त ग्रामीण राजस्व अधिकारी (पटवारी) एवं कानूनगो महासंघ के सामने सरकार नरम पड़ती नजर आ रही है। सरकार ने पटवारियों के साथ बैठक करने का फैसला लिया है। बैठक 31 अक्तूबर को सचिवालय के सीएस कमेटी रूम में होगी।
राजस्व मंत्री ठाकुर कौल सिंह के अलावा विभाग के अधिकारी इस बैठक में उपस्थित रहेंगे। महासंघ की कार्यकारिणी को बैठक में उपस्थित होने को कहा गया है।
प्रदेश में 544 ऐसे सर्कल हैं, जो खाली हैं। सरकार ने इन सर्कलों में लोगों को सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए पटवारियों को अतिरिक्त कार्यभार सौंपा था, लेकिन पटवारियों ने इन सर्कलों में सेवाएं देने से मना कर दिया।
इसका कारण पटवारियों की मांगों को पूरा न किया जाना है। हालांकि प्रदेश सरकार ने इन पटवारियों को नोटिस जारी किए लेकिन पटवारियों ने इसकी परवाह नहीं की। महासंघ का कहना है कि जब तक सरकार पटवारियों की मांगों को नहीं मानती, तब तक पटवारियों का संघर्ष जारी रहेगा।
इन मांगों पर अडे़ पटवारी
कानूनगो से नायब तहसीलदार के लिए शत-प्रतिशत पदोन्नति, चार क्षेत्रीय पटवार वृत्तों पर एक कानूनगो वृत्त का सृजन, नव सृजित सभी उपमंडलीय अखिलेख कक्षों, उप तहसीलों में पदों को सृजित करना, अनुबंध पटवारियों को सभी भत्ते देना, खाली पदों को भरा जाना और नए स्टाफिंग नॉर्म्स वापस लिया जाना
संयुक्त ग्रामीण राजस्व अधिकारी (पटवारी) एवं कानूनगो महासंघ के अध्यक्ष प्रताप सिंह ठाकुर ने बताया कि राजस्व मंत्री ठाकुर कौल सिंह ने बैठक बुलाई है। अगर बैठक में पटवारियों की मांगें मानी जाती हैं तो पटवारी संघर्ष से पीछे हट जाएंगे। अगर मांगें नहीं मानी जातीं तो संघर्ष जारी रहेगा।