उद्योगमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि कच्चे माल पर एंट्री टैक्स में एक फीसदी कमी की गई है। इसे दो फीसदी तक किया जा सकता है। जल्द ही सरकार प्रस्ताव ला सकती है।
उद्योग मंत्री बद्दी में भारतीय उद्योग संघ की ओर से आयोजित सीएसआर (कारपोरेट सोशल रिस्पांसिबिलिटी) कार्यशाला में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। कहा कि कुछ उद्यमी जिनके राज्य से बाहर भी उद्योग हैं, वह यहां के सीएसआर का पैसा बाहरी राज्यों में खर्च करते हैं।
उन्होंने सभी उद्यमियों से यहां का पैसा यहीं पर खर्च करने के आदेश दिए। उद्योगमंत्री ने कहा कि भ्रष्टाचार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बीबीएन प्रदेश का सबसे बड़ा औद्योगिक क्षेत्र है, लेकिन यहां पर सीएसआर से ऐसा कोई कार्य नहीं हुआ जो बाहर से आने वाले लोगों के लिए प्रेरणास्रोत हो। दभोटा और अदूबाल में नए औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
इस मौके पर भारतीय उद्योग संघ के प्रदेश अध्यक्ष अरुण रावत, अबोट कंपनी के प्लांट हेड गौरव शर्मा, अनित प्रकाश, योगिंद्र धीमान, बीबीएनआईए के अध्यक्ष राजेंद्र गुलेरिया, महासचिव वाईएस गुलेरिया, एसडीएम ललित जैन, उपनिदेशक अंशुल धीमान, तिलक राज शर्मा समेत दर्जनों उद्यमी उपस्थित रहे।
उद्योग मंत्री ने कहा कि धारा 118 के चक्कर में कई प्रोजेक्ट लंबित है। शीघ्र ही सरकार इन प्रोजेक्टों को एक मुश्त परमिशन देगी। प्रदेश में दभोटा, भटरोना और कंदरोड़ी में औद्योगिक क्षेत्र तैयार होने वाले है। यहां पर पर्यावरण की एनओसी लेनी बाकी है।