लोक निर्माण मंत्री के विधानसभा क्षेत्र के हाल बेहाल, पैचवर्क तक नहीं कर रहा विभाग, लोग ने दी आंदोलन की चेतावनी
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। शहर से सटी घणाहट्टी-कुनिहार सड़क की जर्जर हालत से लोग परेशान हैं। सड़क पर गहरे गड्ढे होने के कारण वाहन चालकों और स्थानीय निवासियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जल्द समाधान नहीं होने पर ग्रामीणों ने आंदोलन की चेतावनी दी है।
निर्माण विभाग ने टारिंग तो दूर, पैचवर्क तक नहीं कर रहा है। ऐसे में मजबूर होकर लोगों को खुद ही सड़क के गड्ढे भरने का काम शुरू करना पड़ा है। लादवी निवासी अजय शर्मा ने सीमेंट और अन्य सामग्री से सड़क के गड्ढे भरने शुरू कर दिए हैं। अजय शर्मा, सुनीता शर्मा और संजय शर्मा ने बताया कि गड्ढों से उड़ने वाली धूल उनके घरों और दुकानों में घुस जाती है। कई बार गड्ढों को मिट्टी से भरा जाता है, लेकिन बारिश के बाद वे फिर खुल जाते हैं। उन्होंने स्थायी समाधान न होने पर चिंता जताई। उनका कहना है कि बरसात में स्थिति और गंभीर हो सकती है।
कंडा के यशपाल ठाकुर सहित अन्य ग्रामीणों ने लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह से सड़क की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि लोग वर्षों से इस समस्या से जूझ रहे हैं। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सड़क की मरम्मत नहीं हुई तो वे सड़क पर उतरकर प्रदर्शन करेंगे। उनका कहना है कि मूलभूत सुविधा को लेकर बार-बार मांग करने के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है।
बिटुमिन की है कमी
इस सड़क की टारिंग होनी थी, लेकिन बिटुमिन की कमी के कारण काम नहीं हो पाया। अब बरसात के बाद इसकी टारिंग कराई जाएगी। लोगों की सुविधा के लिए सड़क के गड्ढे भरने के निर्देश सहायक अभियंता को दे दिए गए हैं। सोमवार से काम शुरू हो जाएगा।
-राजेश अग्रवाल, अधिशासी अभियंता, पीडब्ल्यूडभ्, धामी