भाजपा चुनाव प्रबंधन समिति के प्रमुख एवं हिमफेड के चेयरमैन गणेश दत्त ने कहा कि आशा कुमारी की ओर से सीएम जयराम के लिए रावण शब्द का इस्तेमाल उचित नहीं है। इस तरह की टिप्पणी अमर्यादित है कि मुख्यमंत्री की तरह रावण को भी घमंड हो गया था, जो चकनाचूर हो गया। कांग्रेस की यह पुरानी आदत रही है। पहले सोनिया गांधी ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर मौत के सौदागर जैसी अमर्यादित टिप्पणी की थी। बाद में माफी मांगनी पड़ी। कांग्रेस नेताओं के पास शब्दों के चयन करने की क्षमता नहीं है।
प्रेस क्लब शिमला में पत्रकार वार्ता में गणेश दत्त ने कहा कि कांग्रेस नेता मुकेश अग्निहोत्री ने हेलीकाप्टर को लेकर सवाल उठाए हैं। भाजपा उनसे पूछती है कि जब कांग्रेस सरकार थी तो क्या उनके तत्कालीन मुख्यमंत्री वीरभद्र बैल गाड़ी में घूमते थे। उस समय उनके ही नेता मेजर मनकोटिया ने हेलीकाप्टर को लेकर अपनी सरकार को घेरा था। 111 करोड़ खर्च के बारे में जनता को परिचित करवाया था। सीएम जयराम ने वीरभद्र सिंह के अस्वस्थ होने पर उन्हें भी कई बार एयरलिफ्ट किया। सरकार मानवीय दृष्टिकोण का पूरा ध्यान रखती है।
जुब्बल-कोटखाई पर गणेश दत्त का नो कमेंट
गणेश दत्त से जब पूछा गया कि जुब्बल-कोटखाई में कई वरिष्ठ नेता प्रचार में अभी तक क्यों नहीं गए हैं? इस पर वह बोले कि वह कोई टिप्पणी नहीं करेंगे।