कोरोना की जांच के लिए सैंपल लेता स्वास्थ्य कर्मी।
- फोटो : अमर उजाला
हिमाचल प्रदेश के कोविड सेंटरों में डॉक्टर समेत चार कर्मचारी तैनात रहेंगे। स्वास्थ्य विभाग ने 4 लोगों का ग्रुप बनाया है। इसमें एक डॉक्टर, नर्स, वैक्सीनेटर और स्वास्थ्य कर्मचारी शामिल हैं। निगरानी वार्ड भी बनाए जाएंगे। छह जनवरी को होने वाली कैबिनेट बैठक में भी कोरोना वैक्सीन की तैयारियों पर चर्चा होनी है। केंद्र सरकार ने हिमाचल को तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए हैं। स्वास्थ्य सचिव अमिताभ अवस्थी ने मेडिकल कॉलेज प्राचार्य, वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक, जिला मुख्य चिकित्सा अधिकारी से तैयारियों को लेकर विचार-विमर्श किया।
इन अधिकारियों से प्रतिदिन तैयारियों पर बैठकें करने को कहा है। स्वास्थ्य विभाग ने स्वास्थ्य कर्मचारियों का डाटा एकत्रित कर लिया है। फ्रंटलाइन पर काम करने वालों का रिकॉर्ड भी जुटा लिया है। सबसे पहले स्वास्थ्य कर्मचारियों को वैक्सीन दी जाएगी। इसके बाद फ्रंटलाइन और फिर 50 साल से ऊपर के लोगों को वैक्सीन दी जाएगी। प्रदेश में कोरोना संक्रमण के मामलों में भारी कमी आने लगी है। 95 फीसदी की रफ्तार से मरीज ठीक हो रहे हैं। कोरोना से मृत्युदर में भी कमी आई है।
स्वास्थ्य विभाग का दावा है कि प्रदेश में 8 हजार से ज्यादा लोगों के सैंपल लिए जा रहे हैं। नवंबर महीने की तुलना में कम एक्टिव मामले रिकॉर्ड हो रहे हैं। स्वास्थ्य सचिव अमिताभ अवस्थी ने बताया कि हिमाचल में काफी हद तक कोरोना पर काबू पा लिया गया है। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य, वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक और मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को कोरोना वैक्सीन को लेकर प्रतिदिन तैयारियों पर बैठकें करने को कहा है।