पीड़ित परिवार के घर पहुंची विभाग की टीम, बच्चे को आंगन से उठा ले गया था तेंदुआ
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। शहर के डाउनडेल इलाके में पांच साल के बच्चे को खोने वाले माता-पिता को वन विभाग जल्द मुआवजा राशि जारी करेगा। इसके लिए विभाग ने प्रक्रिया शुरू कर दी है। सोमवार को वन विभाग की एक टीम परिजनों के घर पहुंची और उनसे बातचीत की।
मुआवजा राशि के लिए बच्चे की मां की ओर से लिखित आवेदन तथा पहचान पत्र विभाग को दिया है। गौरतलब है कि दिवाली की रात डाउनडेल से पांच साल के बच्चे को तेंदुआ उठा ले गया था। इसके बाद जंगल के बीच में शरीर के कुछ अंग मिले थे।
विभाग ने इसकी रिपोर्ट बनाकर ट्रेजरी को भेज दी है। पैसा जारी होते ही परिजनों को इसे दिया जाएगा। नियमानुसार तेंदुए के हमले में यदि किसी की जान जाती है तो फौरी राहत के तौर पर एक लाख रुपये देना होता है। कुल चार लाख रुपये का मुआवजा मिलता है। इस मामले में अभी कोई पैसा नहीं दिया है। वन विभाग का कहना है कि पहले बच्चे के गायब होने के कारणों की पुष्टि नहीं हो पाई थी। इसलिए पैसा भी जारी नहीं हो पाया था। लेकिन अब पुलिस रिपोर्ट और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। डीएफओ शिमला अनीता शर्मा ने बताया कि जल्द ही पीड़ित परिवार को मदद दी जाएगी। इलाके के लोगों को भी अलर्ट रहने के लिए टीमें तैनात कर दी हैं। तेंदुए को पकड़ने के लिए भरसक प्रयास किए जा रहे हैं।