शहर में शुक्रवार को होगी 34 दुकानों की नीलामी, रोस्टर के तहत आरक्षित वर्ग के पात्र लोग ही लगा सकेंगे बोली
विज्ञापन
संजौली, कसुम्पटी, छोटा शिमला में दुकानें दी जाएंगी किराये पर अमर उजाला ब्यूरो शिमला। राजधानी में नगर निगम पहली बार रोस्टर सिस्टम के तहत दुकानों की नीलामी करने जा रहा है। इसके तहत शुक्रवार को शहर में बनीं 34 दुकानों की बोली लगाई जाएगी। इनमें संजौली में नगर निगम के नए परिसर में बनाई गई दुकानें भी शामिल हैं। इसके अलावा कसुम्पटी, छोटा शिमला समेत अन्य उपनगरों में खाली पड़ी और नई दुकानों की नीलामी होगी।
खास बात यह है कि रोस्टर के तहत जिस वर्ग के लिए दुकान आरक्षित होगी, उसी वर्ग के पात्र लोग उसके लिए बोली लगा सकेंगे। इन दुकानों का आवंटन गैर हिमाचली लोगों को नहीं होगा। निगम प्रशासन के अनुसार इस बार दुकानों की नीलामी के लिए रोस्टर व्यवस्था अपनाने का फैसला लिया है। सरकार ने वर्ष 2001 में दुकानों की नीलामी के लिए रोस्टर सिस्टम तैयार किया था लेकिन नगर निगम ने अब तक इसे लागू नहीं किया था। अब पहली बार इस व्यवस्था के तहत दुकानों की नीलामी की जा रही है। निर्धारित रोस्टर के अनुसार ही दुकानों के लिए बोली लगाई जाएगी। नगर निगम का मानना है कि इस व्यवस्था से नीलामी प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित और पारदर्शी बनाया जा सकेगा। अभी तक निगम की दुकानों की नीलामी पारंपरिक तरीके से होती रही है। इसमें सबसे अधिक बोली लगाने वाले व्यक्ति को दुकान आवंटित की जाती थी लेकिन अब आरक्षण रोस्टर के अनुसार ही बोली लगाने का अवसर मिलेगा। नगर निगम के अतिरिक्त आयुक्त डॉ. भुवन शर्मा ने बताया कि 27 नवंबर को रोस्टर सिस्टम के तहत 34 दुकानों की नीलामी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
बोली लगाने के लिए यह प्रमाण पत्र होंगे जरूरी
निगम प्रशासन के अनुसार नीलामी में हिस्सा लेने वाले बोलीदाताओं को संबंधित श्रेणी के प्रमाण पत्र मौके पर प्रस्तुत करने होंगे। इनमें एसडीएम या तहसीलदार की ओर से जारी अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और सामान्य श्रेणी से संबंधित प्रमाण पत्र शामिल हैं। पूर्व सैनिक श्रेणी के लिए जिला सैनिक कल्याण अधिकारी या संबंधित बोर्ड की ओर से जारी प्रमाण पत्र अनिवार्य होगा। स्वतंत्रता सेनानी श्रेणी के लिए डीसी या सरकार के गृह विभाग की ओर से जारी प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा। इसके अलावा बेरोजगार श्रेणी के लिए जिला रोजगार अधिकारी का प्रमाण पत्र, दिव्यांग श्रेणी के लिए सीएमओ की ओर से जारी प्रमाण पत्र और एकल महिला एवं विधवा श्रेणी के लिए एसडीएम या जिला सामाजिक कल्याण अधिकारी का प्रमाणपत्र साथ लाना होगा।