शिमला में सरकारी आदेशों को ठेंगा दिखाया जा रहा है। खाद्य पदार्थ अभी भी खुले में बिक रहे हैं। शहर में फैले पीलिया रोग के कारण उपायुक्त दिनेश मल्होत्रा ने खुले में बिक रहे खाद्य पदार्थों पर पाबंदी लगाई थी। शहर में मोमोज, मिक्स चना, कुल्चा, हॉट डाग जैसे खाद्य पदार्थ खुले में बिक रहे हैं।
खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों को इन पर नजर रखने को कहा गया था। हैरत की बात है कि खुले में बिक रहे खाद्य पदार्थों पर विभाग नकेल नहीं कस पाया है। माल रोड शेरे पंजाब व इसके आस पास खुले में खाद्य पदार्थ बिक रहे हैं। यहां मोमोज, कुल्चे और अन्य खाद्य पदार्थों को खुले में बेचा जा रहा है। लोग भी इन पदार्थों को सेवन कर रहे है जिससे कि पीलिया फैलने का खतरा बना हुआ है।
माल रोड, शिल्ली चौक, केएनएच व साथ लगते आसपास की जगहों पर खाद्य पदार्थ बेचने वाले लोगों को तांता लगा हुआ है। बाहरी राज्यों से शिमला घूमने आए सैलानी व स्थानीय लोगों को इन खाद्य पदार्थों का सेवन कर रहे हैं। इससे पीलिया फैलने की आशंका बढ़ गई है। अधिकारी हफ्ते में एक मर्तबा जगहों का निरीक्षण करते हैं लेकिन खुले में खाद्य पदार्थ बेचने वाले लोग फिर सक्रिय हो जाते हैं।
होगी कार्रवाई : मंगला
खाद्य सुरक्षा अधिकारी अशोक मंगला ने बताया कि शहर में जो लोग खुले में खाद्य पदार्थों को बेच रहे हैं, उन पर कार्रवाई की जाएगी। कहा कि विभाग के अधिकारियों ने शहरभर में इन लोगों के खिलाफ कड़ा अभियान चला रखा है।- अशोक मंगला, खाद्य सुरक्षा अधिकारी