दिल्ली में पिछले दिनों हुए आतंकी हमले के बाद हिमाचल प्रदेश में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं। प्रदेश पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर सभी जिलों के थाना क्षेत्रों में पुलिस ने सघन निरीक्षण अभियान शुरू कर दिया है। होटल, होम स्टे, बेड एंड ब्रेकफास्ट और गेस्ट हाउस में ठहरे पर्यटकों व अन्य व्यक्तियों के पंजीकरण रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं। साथ ही संचालकों को निर्देश दिए गए हैं कि बिना वैध पहचानपत्र और उचित पंजीकरण के किसी भी व्यक्ति को ठहरने की अनुमति न दी जाए। पुलिस ठहरने वाले लोगों के पहचानपत्र का भी निरीक्षण कर रही है, जिससे संदिग्धों की जानकारी मिल सके।