आपदा जोखिम न्यूनीकरण के लिए अंतरराष्ट्रीय दिवस (आईडीडीआरआर) के अंतर्गत प्रदेश भर में 1 अक्तूबर से 15 अक्तूबर तक चलाए जा रहे समर्थ 2023 अभियान के तहत जिला हमीरपुर में भी आम लोगों को आपदा न्यूनीकरण एवं आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इसी कड़ी में लोकगीत-संगीत और लघु नाटकों के माध्यम से भी लोगों को जागरूक किया जाएगा। उपायुक्त एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष हेमराज बैरवा ने बताया कि 4 अक्तूबर से आरंभ किए जा रहे इस अभियान के तहत जिले भर में कुल 35 जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग से संबद्ध विभिन्न सांस्कृतिक दलों के लोक कलाकार लोकगीत-संगीत और लघु नाटकों के माध्यम से लोगों को आपदा न्यूनीकरण व आपदा प्रबंधन के संबंध में कई महत्वपूर्ण जानकारियां देंगे।