हिमाचल निर्माता डॉ. वाईएस परमार की जयंती को हल्के में लेने पर वीरवार को नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री तल्ख हो गए। मंच से बोले, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने इस कार्यक्रम को लाइब्रेरी हाल से निकालकर पीटरहॉफ शिमला में रखा, लेकिन इस बारे में अफसरशाही गंभीर नहीं है। गुरुवार को पीटरहॉफ में मंत्री, विधायक, पूर्व विधायक और सरकार के अधिकारी सिटिंग प्लान के हिसाब से नहीं जुट पाए। कुर्सियां खाली नजर आईं।
डॉ. परमार जयंती पर नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि इसमें कोई दो राय नहीं है कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कार्यक्रम को हिमाचल प्रदेश विधानसभा के पुस्तकालय से बाहर निकालकर पीटरहॉफ तक पहुंचा दिया। वह कोई आलोचना नहीं करना चाहते हैं, मगर वह अफसरशाही से जरूर कहना चाहेंगे कि आपने मुख्यमंत्री की भावना को ट्रांसलेट नहीं किया। कार्यक्रम की रूपरेखा जो कही थी, वैसी नहीं बनी है। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए वह खुद दिल्ली से आए हैं और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर मंडी से आए हैं।
सीएम भी बोले कि डॉ. सिंह परमार का जिस रूप में योगदान रहा है, उनकी जयंती उसी स्वरूप में मनानी चाहिए। वह देख रहे हैं कि जिस तरह से इस कार्यक्रम के लिए भाव था, वह पूरा नहीं हुआ। कार्यक्रम का आयोजन उसी भाव के साथ होना चाहिए। यह बात भी सही है कि आजकल सबकी व्यस्तता बढ़ गई है। जिस तरह से रुचि लेनी चाहिए थी, उसमें कमी रह गई है।
हल्के-फुल्के अंदाज में बतियाते नजर आए जयराम-मुकेश
पीटरहॉफ शिमला में हुए इस समारोह में मुुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और मुकेश अग्निहोत्री हल्के-फुल्के अंदाज में नजर आए। दोनों में खूब गपशप होती रही। मंच पर जब कार्यक्रम खत्म हुआ तो भी दोनों मंच से बतियाते हुए उतरे। कुछ दिन पहले दोनों ने एक-दूसरे पर तीर-कमान ताने हुए थे।