ऐसे हुआ खुलासा
शिकायत के बाद पुलिस टीम ने जांच अधिकारी सीता नेगी की अगुवाई में निगरानी कैमरे खंगाले। इनमें कालाअंब में ट्रक पूरा लदा हुआ दिखाई दिया, जबकि बद्रीपुर में काफी माल कम दिखाई दिया। जांच आगे बढ़ी तो सामने आया कि चालक ने कटासन के पास करीब 10 टन सरिया सौरव को 3.60 लाख रुपये में बेच दिया। पुलिस के अनुसार चालक को करीब तीन लाख रुपये मिल भी चुके थे। पुलिस के अनुसार चालक ने कथित तौर पर ट्रक को खाई में गिराने से पहले घटनास्थल की रेकी की थी। जिस जगह ट्रक गिराया गया, वहां कुछ समय पहले एक पिकअप भी खाई में गिरी थी जिसके परखच्चे उड़ गए थे।
ट्रांसपोर्टर को देना पड़ा 12 लाख का माल
माल गायब होने के बाद ट्रांसपोर्टर ललित कुमार को संबंधित पार्टी को करीब 12 लाख रुपये का सरिया दोबारा भेजना पड़ा। इसके बाद उन्होंने पुलिस अधीक्षक सिरमौर से शिकायत की। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मामले की जांच शुरू की गई। ललित ने नाहन पुलिस का आभार जताया है। पुलिस ने 60 हजार की रिकवरी उन्हें करवाई है।
साक्ष्यों के आधार पर होगी कार्रवाई : एसपी
एसपी एनएस नेगी ने बताया कि मामले में निगरानी कैमरों की तस्वीरों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों को जुटाया गया है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। 10 टन सरिए को कटासन में 3.60 लाख में बेचे जाने का खुलासा हुआ है। मुख्य आरोपी चालक व ट्रक मालिक गुरप्रीत सिंह ने अदालत से अग्रिम जमानत ले ली है। कथित खरीददार सौरव हरियाणा के कुरुक्षेत्र में हत्या के प्रयास के मामले में जेल में बंद है। मामले में बीमा कंपनी को भी जानकारी दी जा रही है जिससे 8 लाख रुपये का दावा आरोपी ने लिया है।