मंडी जिले में बल्ह घाटी में नेरचौक के डडौर स्थित चौधरी मार्केट में आग की घटना से चार दुकानें जलकर राख हो गई हैं। प्रारंभिक तौर पर 80 लाख से अधिक का नुकसान आंका जा रहा है। दमकल विभाग के जवानों ने समय रहते आग पर काबू पाया, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। आग लगने के कारणों का पता नहीं लग सका है। प्रभावितों को प्रशासन की ओर से दस-दस हजार रुपये की फौरी राहत प्रदान की गई है।
पुलिस के अनुसार आग की घटना तड़के की है। सुबह पांच बजे जब लोग सैर के लिए निकले तो उन्होंने दुकानों से धुआं उठता देखा। सूचना दुकानदारों, स्थानीय लोगों और दमकल विभाग को दी गई। देखते ही देखते दुकानों से आग की लपटें निकलना शुरू हो गईं। मंडी से फायर ब्रिगेड के वाहन मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया गया। जो दुकानें जली हैं, उसमें एक शराब का ठेका भी था। बताया जा रहा है कि शराब के कारण आग अधिक भड़की। इसके साथ एक कपड़े की दुकान, एक मोबाइल की दुकान और सीड स्टोर भी जलकर राख हो गया।
एसडीएम बल्ह स्मृतिका नेगी ने बताया कि दुकानों के मालिक सुनील कुमार निवासी डडौर हैं। चारों दुकानें किराए पर हैं। इसमें गिरधारी लाल निवासी कनलोह बल्ह का बीज भंडार, सोहित कुमार निवासी डडौर की मोबाइल दुकान, रमेश्वरी देवी पत्नी गंगा राम निवासी बाडी चैलचौक की कपड़े की दुकान थी। राजेश कुमार निवासी सुंदरनगर का शराब ठेका था। दुकानों के अंदर रखा सारा सामान जलकर राख हो गया है। नुकसान का पूरा आकलन किया जा रहा है।
प्रारंभिक तौर पर करीब 80 लाख के नुकसान का अनुमान है। प्रभावितों को फौरी राहत प्रदान कर दी गई है। एसपी मंडी शालिनी अग्निहोत्री ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। आग पर काबू पाने वालों में लीडिंग फायरमैन हंस राज, फायरमैन राजीव कुमार, शरण दास, सुरेश कुमार और चालकों में आनंद और अनिल कुमार शामिल रहे। आग पर काबू पाने में ढाई घंटे लगे।
एक करोड़ की संपत्ति बचाई
स्टेशन फायर आफिसर पिनाम सिंह सेन ने बताया कि करीब 80 लाख के प्रारंभिक नुकसान की रिपोर्ट हेड ऑफिस भेजी गई है। एक करोड़ की संपत्ति भी जलने से बचाई है। जहां आग लगी वहां दो मंजिला छह कमरों का मकान और साथ लगती आधा दर्जन अन्य दुकानें थीं। आग लगने के दौरान अफरा तफरी मच गई। मकान को खाली करवाया गया।