हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिले किन्नौर की नाथपा पंचायत में सोमवार शाम एक तीन मंजिला मकान में आग लग गई। इस घटना में लकड़ी से बना आठ कमरों का मकान जलकर राख हो गया। अग्निकांड में मकान सहित 13 लाख के गहने और पांच लाख रुपये की नकदी जलकर राख हो गई है। प्रशासन की ओर से प्रभावित दो परिवारों को 20-20 हजार रुपये की फौरी राहत राशि और खाद्य सामग्री वितरित की गई है। प्रारंभिक जांच में आग की वजह शाट सर्किट माना जा रहा है। पुलिस आग के कारणों की छानबीन में जुटा है। इसके साथ ही राजस्व विभाग के अधिकारी नुकसान का आकलन कर रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक पुलिस थाना भावानगर के तहत नाथपा पंचायत में सोमवार शाम करीब 6:30 बजे नागासूदे नामक जगह में एक तीन मंजिला मकान में अचानक आग लग गई। लकड़ी का मकान होने से देखते ही देखते आग ने पूरे मकान को चपेट में ले लिया। इस घटना में मकान के आठ कमरे पूरी तरह से जलकर राख हो गए हैं। हालांकि स्थानीय लोगों आग की सूचना मिलते ही मौके पर इकट्ठा कर आग बुझाने का हर संभव प्रयास किया, लेकिन आग इतना फैल चुकी थी कि कामयाब नहीं हो पाए। तीन मंजिला मकान में चार कमरे राम भगत नेगी और चार कमरे छेरिंग डोलमा के थे। अग्निकांड में राम भगत नेगी के आठ लाख रुपये के गहनें, 70,000 रुपये की नकदी के साथ ही जीवन भर की जमा पूंजी आग की भेंट चढ़ गई।
वहीं छेरिंग डोलमा की 4,70000 रुपये की नकदी, पांच लाख रुपये कीम के गहने और कमरों में रखा कीमती सामान जलकर राख हो गया है। अग्निकांड की सूचना पंचायत प्रधान नाथपा आरपी युलाम ने पुलिस थाना भावानगर को दी। सूचना मिलते ही भावानगर पुलिस थाना से एएसआई रामसेन लक्टू टीम के साथ मौके पर पहुंचे। सड़क की सुविधा नहीं होने से पुलिस बल और राजस्व विभाग के कर्मी पैदल घटनास्थल पर पहुंचे। रात करीब 9:00 बजे टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन सभी के प्रयास असफल रहे। प्रशासन की ओर से प्रभावित दोनों परिवारों को 20-20 हजार रुपये की फौरी राहत राशि, खाद्य सामग्री और तिरपाल वितरित किए हैं। दोनों परिवारों को अब कंपकंपाती सर्दी में गुजारा करने की चिंता सता रही है। एसपी किन्नौर विवेक चहल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
नाथपा पंचायत में तीन मंजिला मकान आग की भेंट चढ़ गया है, जिसमें लाखों के नुकसान का अनुमान है। मौके पर राजस्व विभाग की टीम नुकसान का आकलन करने में जुटी है। प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवारों को फौरी राहत राशि और अन्य सामग्री दी गई है।-
विमला वर्मा, एसडीएम भावानगर