मंगलवार को हालांकि मौसम खुल गया, लेकिन गत दिन हुई बर्फबारी के चलते प्रदेश में अभी भी 146 सड़कें बंद हैं और 143 बिजली के ट्रांसफॉर्मर ठप पड़े हैं। जलोड़ी दर्रा और मनाली-लेह मार्ग केलांग तक वाहनों के लिए बहाल हो गया है, लेकिन दोनों मार्गों पर दोपहर के समय ही वाहन जा सकेंगे।
हिमाचल प्रदेश में सामरिक लिहाज से महत्वपूर्ण चीन सीमा से सटा ग्रांफू-काजा-समदो मार्ग बर्फबारी के चलते अगले आदेश तक बंद कर दिया गया। प्रशासन ने इस मार्ग को बंद करने के आदेश जारी किए, ताकि कोई भी पर्यटक या अन्य वाहन इस मार्ग की ओर न जा सके। मंगलवार को हालांकि मौसम खुल गया, लेकिन गत दिन हुई बर्फबारी के चलते प्रदेश में अभी भी 146 सड़कें बंद हैं और 143 बिजली के ट्रांसफॉर्मर ठप पड़े हैं। जलोड़ी दर्रा और मनाली-लेह मार्ग केलांग तक वाहनों के लिए बहाल हो गया है, लेकिन दोनों मार्गों पर दोपहर के समय ही वाहन जा सकेंगे।
विज्ञापन
चंबा के पांगी और कुल्लू की खराहल घाटी में ब्लैकआउट होने से जनजीवन प्रभावित हो गया है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने बुधवार और वीरवार को मौसम साफ बने रहने की संभावना जताई है। 18 नवंबर को भी मौसम मिलाजुला बना रहेगा, लेकिन 19 नवंबर को कुछ क्षेत्रों में बारिश-बर्फबारी के आसार हैं। उपायुक्त और जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण लाहौल-स्पीति के अध्यक्ष सुमित खिमटा ने कहा कि जिले की ऊंची चोटियों पर भारी बर्फबारी और फिसलन भरी सड़कों को ध्यान में रखते हुए मंगलवार से ग्रांफू-काजा-समदो राष्ट्रीय राजमार्ग-505 के साथ लोसर से ग्रांफू जिसमें चंद्रताल झील भी शामिल है, को सभी वाहनों की आवाजाही के लिए आगामी आदेश तक बंद कर दिया है। आदेशों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ आपदा प्रबंधन नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी।
मंगलवार शाम तक लाहौल-स्पीति में 134, कुल्लू में छह, कांगड़ा में तीन, चंबा में दो और शिमला में एक सड़क बंद रही। चंबा में 95 और कुल्लू में 48 बिजली के ट्रांसफॉर्मर बंद हैं। लाहौल-स्पीति में पांच पेयजल योजनाएं प्रभावित रहीं। कुल्लू के साथ सटी खराहल घाटी में सोमवार रात से बिजली गुल है। जिला चंबा के कबायली क्षेत्र पांगी के आधे से अधिक हिस्से में मंगलवार को दूसरे दिन भी जिंदगी पटरी पर नहीं लौट पाई। उधर, बर्फबारी के बाद अटल टनल के आसपास के इलाकों में तापमान जमाव बिंदु तक पहुंच गया है। राजधानी शिमला सहित प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में मंगलवार को मौसम साफ रहा।
विज्ञापन
क्षेत्र न्यूनतम तापमान अधिकतम तापमान
केलांग -6.9 3.6
कुकुमसेरी -3.8 5.0
कल्पा -1.2 10.0
मनाली 1.0 13.2
नारकंडा 1.5 9.5