फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हिमाचल प्रदेश: मंडी जिले के एक घर में आग लगने से बच्चे समेत 5 की मौत

Mon, 23 Jul 2018 06:41 PM IST
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नेरचौक (मंडी)
विज्ञापन
विज्ञापन

हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी के नेरचौक बाजार में सोमवार तड़के चार बजे शादी वाले दोमंजिला घर में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। इससे रसोईघर में रखा एक गैस सिलिंडर ब्लास्ट हो गया। अग्निकांड में पांच साल के बच्चे और तीन महिलाओं समेत दूल्हे के पांच रिश्तेदारों की मौत हो गई। सुंदरनगर के एक होटल में शादी के बाद बारात रविवार रात दो बजे लौटी थी। इसके बाद लोग गहरी नींद में थे कि घर में अचानक आग लग गई। 

विज्ञापन


गृह प्रवेश का मुहूर्त सुबह होने के चलते दूल्हा-दुल्हन और परिवार के अन्य लोग पास के ही एक घर में सोए थे। अग्निकांड में दूल्हे के ताया-ताई, बुआ, बुआ की बहू और उनके पोते की मौत हो गई। मरने वालों में तीन लोग दूल्हे की बुआ के परिवार के हैं। ये लोग शादी के लिए शिमला से आए थे।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पांचों लोगों की मौत का कारण दम घुटना बताया गया है। सोमवार दोपहर पांचों रिश्तेदारों का एक साथ नेरचौक में अंतिम संस्कार किया गया। डीसी मंडी ऋग्वेद ठाकुर ने बताया कि सरकार ने मैजिस्ट्रीयल जांच के आदेश दे दिए हैं। एडीएम राजीव कुमार दस दिन में घटना की रिपोर्ट देंगे। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने हादसे पर शोक जताया है।

विज्ञापन
विज्ञापन

दूल्हे के ताया-ताई, बुआ, बुआ की बहू और उनके पोते की दम घुटने से हो गई मौत

नेरचौक के कपड़ा व्यापारी विजय सोनी के बेटे की होटल में शादी के बाद रविवार रात को सभी दुल्हन समेत वापस घर लौट गए। विजय और उनके भाई नरेंद्र सोनी का घर एक साथ है। अपने घर की पहली मंजिल में नरेंद्र, पत्नी वीना और उनकी बहन और परिवार सोया हुआ था। शेष रिश्तेदार दीवार के साथ मकान की दूसरी तरफ सोये थे जहां दूल्हा और उसका परिवार रहता है।

बताया जा रहा है कि सोमवार तड़के चार बजे सबसे पहले नरेंद्र के कमरे में आग लगी। यहां एसी लगा हुआ था। इसी में शॉर्ट सर्किट का अंदेशा है। आग दूसरे कमरे और ऊपरी मंजिल में फैल गई। इसके बाद जब रसोईघर में रखे सिलिंडर से धमाका हुआ तो लोग पहले बाहर फिर मदद को दौड़े। घर में दो दर्जन से ज्यादा लोग थे।

बाहर निकालते समय कुछ लोग झुलस भी गए। अग्निशमन केंद्र 15 किमी के फासले पर था लेकिन पीड़ित परिवार का आरोप है कि एक घंटे बाद दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। तीन घंटे में आग पर काबू पाया जा सका। उधर, एसपी मंडी गुरदेव चंद ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पांचों मौतें दम घुटने के कारण हुई हैं।

इनकी गई जान- मृतकों की पहचान नेरचौक निवासी दूल्हे के ताया सेवानिवृत्त सहायक अभियंता नरेंद्र सोनी (66), उनकी पत्नी वीना सोनी (60), शिमला निवासी दूल्हे की बुआ सुदेश सोहल (75), उनकी बहू मोना पत्नी अमित कुमार (45) और साहिल पुत्र (05) अमित कुमार के रूप में हुई है। अमित शिमला के रामबाजार के पास श्रीराम दीपक कुमार नाम की स्वीट्स शाप चलाते हैं।  

खिड़की तोड़ निकाले दो लोग- दमकल, पुलिस कर्मियों और मौजूद लोगों ने तीन लोगों को तो निकाल लिया, लेकिन दूल्हे के ताया नरेंद्र सोनी और उनकी पत्नी को अचेत अवस्था में पीछे की खिड़की तोड़कर बाहर निकाला गया। उन्हें साथ लगते नागरिक अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें