सिरमौर जिला मुख्यालय नाहन के गुन्नूघाट में गुरुवार दोपहर एक गोदाम में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। सूचना मिलते ही एसडीएम नाहन सलीम आजम भी मौके पर पहुंचे और आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान आसपास के भवनों को तुरंत खाली करवा लिया गया और अग्निशमन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। बताया जा रहा है कि गोदाम में फेविकोल आदि केमिकल बनाने से संबंधित सामान रखा हुआ था। जिससे आग और भड़क गई। आग लगने से कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है, लेकिन लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया।
जानकारी के अनुसार शहर के गुन्नूघाट में एक दुकानदार की ओर से अपने सामान को रखने के लिए स्टोर बनाया हुआ था। अधिकतर समय बंद ही रहता था। स्टोर में गुरुवार दोपहर को अचानक आग भड़क गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। सूचना मिलते ही दमकल दस्ते मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया। एसडीएम नाहन सलीम आजम ने बताया कि जैसे ही गोदाम में आग लगने की जानकारी मिली, आसपास के भवनों को खाली करवाया गया ताकि कोई नुकसान न हो। उन्होंने बताया कि आग केमिकल से संबधित वस्तुओं से ज्यादा भड़की और इस दौरान काफी नुकसान हुआ है। उन्होंने बताया कि आग पर समय रहते काबू पा लिया गया और कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है।