शिमला। राजधानी में पेयजल शेड्यूल पटरी पर नहीं आ रहा है। तीसरे और चौथे दिन भी कई इलाकों में दो बाल्टी पानी मिल रहा है। संजौली जोन के नेरीधार क्षेत्र में रविवार शाम पानी को लेकर हंगामा हो गया। यहां लोगों ने कीमैन को घेर लिया
यहां रविवार सुबह पानी की सप्लाई दी गई थी। लेकिन चंद मिनटों बाद पानी बंद कर दिया गया। लोगों ने कंट्रोल रूम फोन किया तो जवाब मिला कि गिरि से पानी की आपूर्ति बंद हो गई है। ऐसे में अब शाम को पानी देंगे। शाम के समय फिर कंपनी ने सप्लाई दी लेकिन चंद मिनट बाद इसे फिर बंद कर दिया गया। गुस्साए भवन मालिक और कई किरायेदार इलाके के कीमैन पर भड़क गए। कीमैन को घेरते हुए बोले कि उन्हें पानी नहीं आ रहा। निचले इलाकों में सप्लाई जा रही है, लेकिन उनकी टंकियां खाली हैं। कीमैन ने कहा कि सप्लाई दी गई है। यदि नहीं मिला है तो सुबह फिर पानी देंगे। मामला बढ़ता देख कीमैन ने सप्लाई का मीटर दिखाया। लोगों ने क्षेत्र के कनिष्ठ अभियंता से शिकायत की। सोमवार सुबह दोबारा पानी देने का भरोसा मिलने के बाद लोग वापस लौटे। उधर, शहर के बालूगंज क्षेत्र में भी रविवार शाम सप्लाई रोक दी गई। अब इस क्षेत्र में सोमवार सुबह पानी दिया जाएगा।
44 एमएलडी पानी के बावजूद मारामारी
शहर के लिए गिरि पेयजल परियोजना से गाद और बिजली कट के चलते सप्लाई बाधित हो रही है। इसके बावजूद रविवार को 44.25 एमएलडी पानी मिला। बाकी दिन भी शहर को 35 एमएलडी से ज्यादा पानी मिल रहा है। इस पानी से शहर में कम से कम तीसरे दिन भरपूर पानी मिल सकता है। लेकिन कई इलाकों में चौथे दिन सप्लाई दी जा रही है।
आज इन इलाकों में आएगा पानी
पेयजल कंपनी के अनुसार सोमवार को संजौली जोन के गाहन, संजौली बाजार, इंजनघर, सांगटी, मशोबरा टू, ढली बाजार, समिट्री, भट्ठाकुफर क्षेत्र में पानी दिया जाएगा। उधर, छोटा शिमला जोन के ऐराहोम, स्ट्राबरी हिल्स, न्यू शिमला, लोअर खलीनी क्षेत्र में पानी दिया जाएगा। बालूगंज में भी आज सप्लाई दी जानी है। सेंट्रल जोन में भी पानी की उपलब्धता के आधार पर सप्लाई दी जाएगी।
बरसात में भी टैंकर से सप्लाई
शहर में बरसात के मौसम में भी टैंकरों से पानी देना पड़ रहा है। शहर के सबसे बड़े गर्ल्स स्कूल पोर्टमोर में हॉस्टल की छात्राओं का खाना टैंकर के खाने से पक रहा है। रविवार को टंकियां खाली थीं तो स्कूल प्रबंधन ने टैंकर की मांग की। दोपहर बाद यहां के लिए टैंकर भेजा गया। इसी तरह राधा स्वामी सत्संग चक्कर और शहर के शौचालयों में टैंकर भेजे गए। कुल 20 टैंकरों से सप्लाई दी गई है।
कहां से कितना पानी आया
परियोजना पानी की मात्रा एमएलडी में
गुम्मा 21.47
गिरि 13.10
कोटी बरांडी 5.25
चैड़ 0.52
चूरट 3.45
सियोग 0.46
कुल 44.25