श्री नयना देवी जी क्षेत्र में सबसे अधिक दिक्कत, पंजाब सीमा से सटे क्षेत्रों के किसान प्रभावित
कृषि विभाग ने दी राहत, अब आधार कार्ड दिखाकर भी ले सकेंगे बीज
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। जिले में तकनीकी खामी के कारण किसानों की फार्मर आईडी बनाने की प्रक्रिया प्रभावित हो रही है। लोक मित्र केंद्रों के माध्यम से आवेदन करने के बावजूद कई किसानों की आईडी नहीं बन पा रही है। इसका असर अब कृषि विभाग से बीज प्राप्त करने पर भी पड़ रहा है। जिले में सबसे अधिक समस्या श्री नयना देवी जी क्षेत्र में सामने आ रही है। विशेष रूप से पंजाब सीमा से सटे क्षेत्रों के किसानों को फार्मर आईडी बनवाने में दिक्कतें पेश आ रही हैं।
फार्मर आईडी के लिए आवेदन करने के बाद संबंधित राजस्व अधिकारियों के स्तर पर उसका अनुमोदन होना जरूरी है, लेकिन कुछ पटवार सर्किलों में तकनीकी खामी के चलते आवेदन आगे नहीं बढ़ पा रहे हैं। किसान पहले भी इस समस्या को उठा चुके हैं, लेकिन कई किसानों की आईडी बनने का इंतजार अभी खत्म नहीं हुआ है।
फार्मर आईडी नहीं बनने से किसानों को बीज लेने में भी परेशानी हो रही है। इसे देखते हुए कृषि विभाग ने वैकल्पिक व्यवस्था की है। अब किसान फार्मर आईडी के अभाव में आधार कार्ड दिखाकर भी बीज प्राप्त कर सकेंगे। इससे तकनीकी कारणों से आईडी नहीं बनवा पाने वाले किसानों को राहत मिलेगी।
उधर, फार्मर रजिस्ट्री के आंकड़ों के अनुसार जिले के कुल 64,379 प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि लाभार्थियों में से 35,439 की फार्मर रजिस्ट्री पूरी हो चुकी थी। यह कुल लाभार्थियों का 55.05 प्रतिशत है, जबकि 28,940 लाभार्थियों की रजिस्ट्री बाकी थी। सक्रिय लाभार्थियों में झंडूता क्षेत्र की स्थिति सबसे बेहतर, जबकि नम्होल की सबसे पीछे थी। फार्मर आईडी के अनुमोदन में आ रही तकनीकी दिक्कतें भी किसानों के लिए चुनौती बनी हुई हैं।
कोट
फार्मर आईडी बनाने में आ रही तकनीकी समस्या से प्रशासन को अवगत करवा दिया गया है। इसके समाधान के लिए संबंधित स्तर पर मामला उठाया गया है। उन्होंने कहा कि किसानों को परेशानी न हो, इसके लिए विभाग आधार कार्ड के आधार पर भी बीज उपलब्ध करवा रहा है। - कुलभूषण धीमान, जिला कृषि उपनिदेशक