फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

खुलासा: गोदाम से रात में होती थी नकली शराब की सप्लाई, ईंट भट्ठे के नाम पर ऊना पहुंच रही थी स्प्रिट

Thu, 01 Jun 2023 11:21 AM IST
Krishan Singh संवाद न्यूज एजेंसी, ऊना

सार

प्रदेश के ऊना जिले में नकली होलोग्राम और मार्का स्टीकर के साथ पकड़ी शराब का भंडाफोड़ होने के बाद मामले से धीरे-धीरे परतें उठनी शुरू हो गई हैं। जांच में पता चला है कि शराब बनाने के लिए स्प्रिट जिला मुख्यालय के साथ लगते एक ईंट भट्ठे के नाम पर आ रही थी।
विज्ञापन
नकली शराब(फाइल) - फोटो : संवाद
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में नकली होलोग्राम और मार्का स्टीकर के साथ पकड़ी शराब का भंडाफोड़ होने के बाद मामले से धीरे-धीरे परतें उठनी शुरू हो गई हैं। जांच में पता चला है कि शराब बनाने के लिए स्प्रिट जिला मुख्यालय के साथ लगते एक ईंट भट्ठे के नाम पर आ रही थी। यह खेल डेढ़ माह से चल रहा था। अभी तक मिलने साक्ष्यों से साफ है कि पूरा मामला नकली शराब बनाने से जुड़ा है। हालांकि, औपचारिकता के लिए पुलिस आरएफएसएल की रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि स्प्रिट अवैध रूप से ऊना जिला मुख्यालय तक पहुंचाई जा रही थी। यह स्प्रिट ऊना से कहां भेजा जा रही थी, इसका अभी खुलासा नहीं हुआ है।

विज्ञापन


प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि स्प्रिट से भरे दस ड्रम बरामदगी से पहले भी दो बार इसी तरह की खेप ऊना पहुंची है। यह खेप भी ईंट भट्ठे के नाम पर मंगवाई गई थी। आरोपियों ने कुल चार बार स्प्रिट ऑर्डर किया। पहली बार बीते 15 अप्रैल को चार लाख से दस ड्रम स्प्रिट मंगवाए थे। इसके बाद 22 अप्रैल को भी स्प्रिट की खेप मंगवाई गई, लेकिन यह ऑर्डर रद्द कर दिया गया। दोबारा 24 अप्रैल को स्प्रिट से भरे 20 ड्रम मंगवाए गए। इसके बाद बीते 30 मई को स्प्रिट से भरे 10 ड्रम ऊना पहुंचे। इन्हें पुलिस ने बरामद किया है। मंगवाई गई खेप के ई-वे बिल भी ईंट भट्ठे के नाम जारी हुए हैं।

डी नेचुरल स्प्रिट के नाम पर मंगवाया जा रहा था एक्सट्रा न्यूट्रल एल्कोहल
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी डी नेचुरल स्प्रिट के नाम पर एक्सट्रा न्यूट्रल एल्कोहल मंगवा रहे थे। दोनों तरह के स्प्रिट को बिना लाइसेंस नहीं भेजा जा सकता है, लेकिन यह काम धड़ल्ले से चल रहा था। डी नेचुरल स्प्रिट स्वास्थ्य विभाग में इस्तेमाल की जाती है। एक्सट्रा न्यूट्रल एल्कोहल शराब बनाने में इस्तेमाल होती है। बरामद किए गए ड्रम के बाहर डी नेचुरल स्प्रिट लिखा गया था, लेकिन जांच में यह एक्सट्रा न्यूट्रल एल्कोहल प्रतीत हो रहा है। हालांकि, सैंपल की जांच रिपोर्ट आने पर आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि होगी।

नकली होलोग्राम और मार्का स्टीकर वाली शराब के मामले की जांच में पुलिस विभाग को हर प्रकार से सहयोग किया जा रहा है। इस मामले विभाग की ओर से भी दस्तावेजों की जांच की जा रही है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए विभाग हर स्थिति पर नजर रखे हुए है। जिले के शराब ठेकों और गोदामों में इस तरह की शराब को लेकर जांच की जा रही है।- विनोद कुमार डोगरा, उपायुक्त, राज्य कर एवं आबकारी विभाग ऊना

विज्ञापन

ये भी पढ़ें: Una News: मंडी से जुड़े ऊना में नकली स्टीकर और होलोग्राम वाली शराब के तार, जानें पूरा मामला
 

मात्र 1,000 रुपये में बेची जाती थी एक पेटी शराब

 प्रदेश के ऊना जिले में नकली होलोग्राम और मार्का स्टीकर के साथ पकड़ी शराब की सप्लाई रात में होती थी। पुलिस को इसकी भनक न लगे, इसे देखते हुए रात 12:00 बजे से सुबह 4:00 बजे तक पूरा कारोबार चलता था। रात में ही शराब ठिकाने तक पहुंचाकर शातिर गायब हो जाते थे। सूत्रों के मुताबिक शराब की पेटी महज 1,000 रुपये पेटी बेची जा रही थी। अधिकृत शराब ठेकों पर शराब की पेटी 2,700 रुपये प्रति पेटी मिलती है। ऐसे में लोग भी सस्ती शराब के चक्कर में इसे हाथोंहाथ खरीद रहे थे। आरोपियों ने बीते 16 मई को ही मैहतपुर में गोदाम किराये पर लिया था। यहीं से सारा खेल चल रहा था। हालांकि, सस्ती नकली मार्का वाली शराब का सीधा असर स्थानीय अधिकृत शराब ठेकों की बिक्री पर पड़ रहा था। इसके चलते यह मामला पुलिस तक पहुंचा और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने बहडाला संपर्क मार्ग पर 45 शराब पेटियों से भरी जीप को पकड़ने में कामयाबी हासिल की।

बड़ा सवाल, पहले दो बार खरीदे स्प्रिट का कहां हुआ इस्तेमाल
जिला पुलिस अभी तक की जांच में नकली होलोग्राम और मार्का स्टीकर वाली 420 पेटी शराब बरामद कर सकी है। करीब 30 ड्रम स्प्रिट यह मामला उजागर होने से पहले मंगवाया गया था। यह खेप कहां गई और इसका कहां इस्तेमाल हुआ, यह अभी भी बड़ा सवाल बना हुआ है। पुलिस भी इसका पता लगाने में जुटी है। सूत्र बताते हैं कि 30 ड्रम यानि करीब 6,000 लीटर स्प्रिट से करीब 2,500 शराब पेटी तैयार हो सकती है। इससे अंदेशा है कि आरोपियों ने बड़े पैमाने पर शराब तैयार की और इसे जिले के अलग अलग स्थानों में बेचा।



 
विज्ञापन

गौरव मिन्हास की तलाश जारी, गिरफ्त में आने पर खुलेंगे राज

नकली होलोग्राम और मार्का स्टीकर वाली शराब मामले में पकड़े गए दोनों आरोपियों को अदालत ने पांच दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा है। बुधवार को दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया। आरोपियों से पुलिस पूछताछ कर रही है। मामले में गौरव मिन्हास की पुलिस तलाश कर रही है। गौरव की तलाश में पुलिस टीमें अलग-अलग जगह दबिश दे रही हैं। हालांकि, अभी इस मामले में गौरव का सुराग नहीं लगा है। गौरव के पुलिस के हत्थे चढ़ने के बाद मामले में कई बड़े खुलासे हो सकते हैं। पुलिस जांच में पहले ही आरोपियों ने शराब की खेप गौरव मिन्हास से लेने की बात कही है।

बताया जा रहा है कि यह काला धंधा बेहद गोपनीय तरीके से चलाया जा रहा था। गुप्त सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई की। गौरव मिन्हास का नाम मामले में जुड़ने के बाद शराब की खेप का सत्यापन करवाया गया तो नकली होलोग्राम और मार्का स्टीकर का खुलासा हुआ। पुलिस अब बरामद शराब और स्प्रिट खेप को लेकर भी पड़ताल कर रही है। पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि शराब कहां और कैसे तैयार हुई है। स्प्रिट की सप्लाई को लेकर भी पुलिस जांच जारी है।

पूछताछ के साथ नई कड़ियां इस मामले में जुड़ती जा रही हैं। नकली मार्का वाली शराब खरीदने वाले भी पुलिस के रडार पर हैं। स्प्रिट मामले से जुड़े लोगों को भी पुलिस जांच में शामिल कर रही है। मामले में पुलिस मीडिया से भी दूरी बनाए हुए और जानकारी देने से टलती नजर आ रही है। उधर, पुलिस अधीक्षक अर्जित सेन ठाकुर ने बताया कि आरोपियों से पुलिस रिमांड के दौरान गहन पूछताछ चल रही है। फिलहाल, इस मामले में मीडिया से शेयर करने लायक कुछ नहीं है। जैसे ही सफलता मिलेगी, मीडिया से जानकारी साझा की जाएगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें