नौनिहालों को बांट दिए एक्सपायरी डेट के राजमा।
- फोटो : संवाद
चंबा जिले के कबायली क्षेत्र पांगी के कुछ आंगनबाड़ी केंद्रों में एक्सपायरी डेट के 9 माह बाद बांटे गए राजमा के मामले में महिला एवं बाल विकास विभाग ने इसे सिविल सप्लाई कारपोरेशन की गलती करार दिया है। विभाग ने साफ किया है कि सिविल सप्लाई कारपोरेशन की सप्लाई में 25-25 किलोग्राम के दो तोड़े पुराने भेजे गए। विभागीय अधिकारी राजमा के बांटे गए पुराने पैकेट वापस लेकर नया कोटा देने की बात कह रहे हैं।
पांगी के 66 आंगनबाड़ी केंद्रों में पोषाहार की सप्लाई सिविल सप्लाई कारपोरेशन के जरिये कुल्लू के रास्ते होती है। अक्तूबर में होने वाली पोषाहार सप्लाई का कोटा विभाग के पास पहुंचने पर वीरवार को पांगी के कुछ आंगनबाड़ी केंद्रों में इसे वितरित कर दिया गया। हैरानी की बात रही कि किसी ने राजमा के बंद पैकेट पर अंकित तिथि को पढ़ना उचित नहीं समझा। इससे पता चलता है कि विभागीय कर्मी नौनिहालों के स्वास्थ्य के प्रति कितने सचेत हैं।
शनिवार को अमर उजाला के संस्करण में आंगनबाड़ी केंद्रों के नौनिहालों को बांट दिया एक्सपायरी डेट का राजमा शीर्षक से खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया गया। इसके बाद प्रशासनिक और विभागीय अमले ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है। महिला बाल एवं विकास विभाग की जांच में सामने आया है कि सिविल सप्लाई कारपोरेशन की ओर से जारी किए गए कोटे में दो तोड़े एक्सपायरी डेट के पांगी पहुंचे। इन्हें अभिभावकों से वापस लेकर अब नया कोटा दिया गया।
जिला कार्यक्रम अधिकारी बालकृष्ण शर्मा ने कहा कि सिविल सप्लाई कारपोरेशन की ओर से भेजी गई सप्लाई में 25-25 किलो के दो तोड़े एक्सपायरी डेट के मिले हैं। बांटे गए एक्सपायरी डेट के राजमा वापस लेकर नए कोटे के राजमा दिए गए हैं।
सिविल सप्लाई कारपोरेशन मंडी के एरिया मैनेजर सुमन कुमार ने बताया कि आंगनबाड़ी केंद्रों के पोषाहार की सप्लाई सीधे सीडीओपी के हैंडओवर की जाती है। पांगी में उनके पांच गोदाम हैं। किस गोदाम में सप्लाई मिली है, इसके लिए पांगी में संपर्क नहीं हो पा रहा है।
आवासीय आयुक्त पांगी बलवान चंद ने बताया कि मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं। सोमवार तक उनके पास इसकी पूरी रिपोर्ट पहुंच जाएगी।