पीर-पंजाल की पहाड़ियां कैमरे में कैद करने के चक्कर में बिजली के तारों की चपेट में आने से विदेशी पर्यटक की मौत हो गई। मृतक की पहचान 71 वर्षीय ब्रॉउन इवान डेनिस निवासी नॉरविच, इंग्लैंड के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पर्यटक के साथी, चालक और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान कलमबद्ध किए। शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल डलहौजी पहुंचाया। यहां से मेडिकल कॉलेज चंबा भेजा गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें:- पहाड़ी से गिरे पत्थर की चपेट में आने से भेड़पालक की मौत
जानकारी के अनुसार विदेशी पर्यटक अपने दोस्त लिएंडर डेविड जॉन और दिल्ली के चालक राकेश चंद के साथ 27 मार्च को दिल्ली से चंडीगढ़ पहुंचा था। वहां से अमृतसर घूमने के बाद 31 मार्च को अमृतसर से डलहौजी पहुंचा। दोनों बनीखेत के एक निजी होटल में ठहरे थे। रविवार सुबह होटल से चेकआउट कर धर्मशाला रवाना होना था। इस बीच, पर्यटक पीर पंजाल की पहाड़ियों की तस्वीरें लेने के लिए चंबा की ओर जाने लगे।
पर्यटकों ने चालक को बैकुंठनगर में रुकने के लिए कहा। इस बीच, ब्रॉउन इवान डेनिस गाड़ी से निकल कर पीर पंजाल की पहाड़ियों की तस्वीरें लेने के लिए एक मकान के लेंटर पर पहुंच गया। एनएचपीसी की 33 केवी की विद्युत लाइन मकान के लेंटर के साथ होकर गुजर रही थी। रविवार सुबह करीब 9:15 बजे विदेशी पर्यटक को फोटो खींचते समय बिजली का झटका लगा। वह जमीन पर गिर पड़ा। पर्यटक के गिरने की आवाज सुनकर स्थानीय लोग पहुंचे।
लोगों ने पुलिस और 108 एंबुलेंस को सूचना दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंच शव को कब्जे में लेकर पर्यटक के दोस्त और गाड़ी चालक के बयान कलमबद्ध किए। डीएसपी डलहौजी हेमंत कुमार ठाकुर ने बताया कि करंट लगने से एक विदेशी पर्यटक की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज चंबा भेजा गया है। जिस मकान के लेंटर पर पर्यटक को करंट लगा है, उस भवन के मालिक के खिलाफ धारा 304ए के तहत मामला दर्ज किया गया है।