कैथलीघाट से भट्ठाकुफर तक हटेंगे 80 कब्जे
एनएचएआई ने डिमार्केशन करने के बाद शुरू की कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। कैथलीघाट-ढली बाईपास हाईवे पर भवन स्वामियों को नोटिस जारी कर 15 दिन के भीतर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए हैं। एनएचएआई ने भट्ठाकुफर से मल्याणा तक डिमार्केशन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके बाद अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की जाएगी।
नेशनल हाईवे कैथलीघाट से ढली बाईपास तक कब्जे छोड़ने के लिए एनएचएआई ने डिमार्केशन कर निशान लगाना शुरू कर दिए हैं। यह कार्य राजस्व एवं नेशनल हाईवे के नक्शे के आधार पर किया गया है। इसमें करीब 80 जगहों पर पैमाईश में आठ से 11 फीट तक अतिक्रमण पाया गया था।
एनएचएआई ने हाईवे पर निशान लगाते हुए 80 अतिक्रमणकारियों को अतिक्रमण हटाने के लिए 15 दिन का समय दिया है। इससे पहले भी इन्हें नोटिस दिए थे। निशान लगाने के बाद कई भवन स्वामियों ने अतिक्रमण हटाने का कार्य शुरू कर दिया था लेकिन कुछ भवन स्वामियों ने नोटिस जारी होने के बाद भी अतिक्रमण को नहीं हटाया।
अतिक्रमण हटाने के निर्देश : नेगी
इंजीनियर कुंजंग हिशे नेगी ने बताया कि एनएच पर चिह्नित 100 अतिक्रमणों के संबंध में भवन स्वामियों को पूर्व में नोटिस जारी किए थे। इसमें करीब 80 भवन स्वामियों ने अभी तक अतिक्रमण नहीं हटाए हैं। भवन स्वामियों को अंतिम नोटिस जारी कर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही आपत्तियों के निस्तारण के लिए नोटिस जारी होने के तीन दिन का समय दिया है। इसके बाद कब्जे हटाने की कार्रवाई शुरू की जाएगी।