एमसी का स्पेशल हाउस 3 को, नए
इलाके मर्ज करने पर ली जाएगी राय
शहरी विकास विभाग की ओर से मिले पत्र के बाद निगम प्रशासन ने बुलाया स्पेशल हाउस
इसी दिन होगी निगम की मासिक बैठक, प्रस्तावों पर होगा फैसला
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। नगर निगम चुनाव से पहले वार्डों के पुनर्गठन और पुनर्सीमांकन को लेकर तीन जनवरी को स्पेशल हाउस करवाया जाएगा। शहरी विकास विभाग से मिले पत्र के बाद निगम प्रशासन ने तीन जनवरी को दोपहर ढाई बजे बचत भवन में स्पेशल हाउस बुलाने का फैसला लिया है। इसमें वार्डों के पुनर्गठन को लेकर पार्षदों से राय ली जानी है।
शहर में कई बड़े वार्ड भी तोड़ने का प्रस्ताव है। सदन में इस पर भी चर्चा की जा सकती है। निगम प्रशासन के अनुसार नगर निगम में मर्ज करने को लेकर शहर से सटे पंचायती इलाकों की ओर से जो आवेदन आए हैं, उन पर सदन में चर्चा की जाएगी। इन पर पार्षद क्या सुझाव देते हैं, उसे लेकर भी चर्चा की जाएगी। पार्षद यदि अपने वार्ड की सीमाओं से खुश नहीं हैं तो वे सदन में अपनी आपत्ति दर्ज करवा सकते हैं। मेयर सत्या कौंडल ने कहा कि सदन में वार्डों के पुनर्गठन और पुनर्सीमांकन पर चर्चा की जाएगी।
मीडिया के सामने हंगामा करते
हैं पार्षद, बंद भवन में सदन
नगर निगम प्रशासन इस बार सदन से मीडिया को बाहर रखने जा रहा है। निगम प्रशासन का तर्क है कि मीडिया के सामने कुछ पार्षद जरूरत से ज्यादा हल्ला करते हैं। इससे सदन चलाने में दिक्कत आती है। हालांकि, निगम के ज्यादातर पार्षद इस फैसले के पक्ष में नहीं है। मेयर सत्या कौंडल ने कहा कि यह प्रशासनिक फैसला है, उनकी तरफ से मीडिया को कोई मनाही नहीं है।
चार को स्मार्ट सिटी, पांच को पेयजल कंपनी की बीओडी
चार जनवरी को स्मार्ट सिटी मिशन के निदेशक मंडल की बैठक होने जा रही है। मुख्य सचिव की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में कई नये प्रोजेक्टों पर फैसला होना है। पांच जनवरी को पेयजल कंपनी के निदेशक मंडल की बैठक भी होनी है। इसमें वर्ल्ड बैंक प्रोजेक्ट समेत शहर में नई पेयजल लाइनें बिछाने समेत कई नए कार्यों पर फैसला लिया जाएगा।