हिमाचल प्रदेश के 38 हजार कुशल युवाओं को रोजगार का ऑफर आया है। कंपनियों ने इसके लिए हिमाचल प्रदेश कौशल विकास निगम से संपर्क किया है। 35 हजार युवाओं को हिमाचल से बाहर और 3 हजार युवाओं को हिमाचल में ही रोजगार मिलेगा।
इसकी पुष्टि निगम के प्रबंध निदेश्ाक राजेश शर्मा ने की है। राज्य कौशल विकास निगम अभी स्थापित ही हुआ है कि नियोक्ताओं की ओर से यह डिमांड की गई है। कौशल विकास निगम ने युवाओं की मांग के अनुरूप ट्रेनिंग देने का सिलसिला शुरू कर दिया है।
17 औद्योगिक प्रतिष्ठानों से निगम ने एमओयू साइन किया है। यहां युवाओं को ट्रेनिंग दी जाएगी। साथ ही प्लेसमेंट भी करवाई जाएगी। राजेश शर्मा ने एमओयू को कौशल विकास की दिशा में अब तक प्रदेश की सबसे बड़ी उपलब्धि बताया।
समझौते पर हुए हस्ताक्षर, जल्द मिलेगा रोजगार
उन्होंने बताया कि मशहूर औद्योगिक संगठनों के अलावा इसमें भारत सरकार के कई मंत्रालयों से संबंधित एजेंसियों के साथ भी समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए हैं। उन्होंने कहा कि अभी तक नाइलेट के माध्यम से ही 432 लोगों को विभिन्न ट्रेडों में प्रशिक्षित कर दिया गया है।
इनमें आईटी, रिटेल, हास्पिटेलिटी, टैक्सटाइल, कोल्ड चेन, लाइफ साइंस जैसे विभिन्न विषयों में प्रशिक्षण दिया गया है। समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर के बाद संबंधित प्रतिष्ठानों में प्रशिक्षण और प्लेसमेंट में तेजी आएगी।
कोल्ड चेन पर शुरू होंगे अब कोर्स
कौशल विकास निगम के एमडी राजेश शर्मा ने परिवहन मंत्री जीएस बाली के समक्ष आईटीआई और पालिटेक्नीक कॉलेज में कोल्ड चेन कोर्स शुरू करने का प्रस्ताव रखा। कहा कि मंत्री बाली ने कोर्स शुरू करने की बात कही है।
ये कंपनियां करवाएंगी ट्रेनिंग, एमओयू साइन
एनएसडीसी के सीईओ जयंत कृष्णा, सीआईआई के अध्यक्ष राजीव अग्रवाल, फिक्की के सह अध्यक्ष संजय मदान, पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स के एचपी चैप्टर के चेयरमैन ध्यान चंद, नाइलेट के निदेशक शमशेर सिंह, लाइफ साइंसेज एसएससी के बिजनेस सर्विस हेड अमर दीक्षित, आटो एसएससी के सीईओ एसके चतुर्वेदी, रिटेलर एसोसिएशन के सीईओ इलेक्ट्रानिक्स कुमार राजगोपालन ने एमओयू साइन किया है।
साथ ही इलेक्ट्रॉनिक्स एसएससी के सीईओ एनके महोपात्रा, टूरिज्म एंड हॉस्पिटेलिटी एसएससी के सीईओ हॉस्पिटेलिटी विवेक सागर, फर्नीचर एसएसई के बिजनेस हेड गुरपाल सिंह, लाजिस्टिक्स एसएससी के सीईओ कैप्टन रामानुजम, बीएफएसआई के सीईओ राकेश भट्ट, टेलीकॉम एसएससी के क्षेत्रीय प्रमुख उत्तर जनरल पीएन मोंगा, हेल्थकेयर एसएससी के सीईओ आशीष जैन, एग्री एसएससी के सीईओ डॉ. एसएस आर्य और कंस्ट्रक्शन एसएससी के सीईओ अश्वनी जोशी ने एमओयू साइन किया।