नववर्ष का जश्न मनाने आ रहे सैलानी पार्वती घाटी में लापरवाही बरतने से हादसों का शिकार हो रहे हैं। अब कसोल में नोएडा का एक 11 साल का बच्चा खेलते-खेलते पार्वती नदी में बह गया है। बच्चा अपने चाचा के साथ मणिकर्ण घूमने आया था। लापता बच्चे का अभी तक कोई सुराग नहीं लगा है। पुलिस और रेस्क्यू टीम उसकी तलाश में जुटी है।
पिछले एक सप्ताह में पर्यटकों के साथ तीन हादसे हो चुके हैं। पुलिस के अनुसार बुधवार को पुलिस पोस्ट मणिकर्ण को सूचना मिली कि एक बच्चा पार्वती नदी में बह गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके के लिए रवाना हुई। मोक्ष शर्मा (11), पुत्र हरीश शर्मा, निवासी हाउस नंबर 236, सेक्टर-47 नोएडा अपने चाचा के साथ मणिकर्ण आया था।
बुधवार को करीब 12 बजे सैलानी कसोल में चनालबेहड़ के पास पार्वती नदी के किनारे फोटोग्राफी कर रहे थे। 11 साल का बच्चा भी पानी में खेल रहा था। खेलते-खेलते यह गहरे पानी में चला गया और बह गया। बच्चे का चाचा इसे काफी समय तक ढूंढता रहा। आखिर में उसने हेल्पलाइन नंबर पर फोन किया।
इसके बाद पुलिस मौके पर आई। गौर रहे कि इससे पहले भी कई पर्यटक पार्वती में डूब कर जान गंवा चुके हैं। उधर, एसपी गौरव सिंह ने कहा कि कसोल में पार्वती में एक बच्चा बहा है। लापता बच्चे की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया गया है। मणिकर्ण पुलिस और शिवा रेस्क्यू कटागला की टीम लापता बच्चे को तलाश कर रही है।