मुख्य सलाहकार समिति का गठन करने का आग्रह संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। हिमाचल प्रदेश पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन की शिमला इकाई की बैठक शनिवार को कालीबाड़ी सभागार में हुई जिसकी अध्यक्षता प्रधान मदन लाल शर्मा ने की। बैठक में लंबित एरियर का भुगतान जल्द करने की मांग उठाई गई। बैठक का संचालन महासचिव सुभाष वर्मा ने किया। इस मौके पर पेंशनरों की समस्याओं और मांगों पर चर्चा की गई।
आम सभा में सबसे पहले पहलगाम में आतंकी हमले की कड़ी निंदा की गई। हमले में मारे गए लोगों की आत्मा के लिए शांति की प्रार्थना की गई। पेंशनरों ने एक सुर में कहा कि सालों से लंबित मांगें जल्द पूरी न की गईं तो आंदोलन करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। संघ के प्रधान मदन लाल शर्मा ने कहा कि जनवरी 2016 के बाद सेवानिवृत्त हुए पेंशनरों के एरियर का भुगतान नहीं किया है। महंगाई रिलीफ की तीन किस्तें भी सरकार की ओर से जारी नहीं की गई हैं। उन्होंने महंगाई रिलीफ की बकाया राशि को भी तुरंत जारी करने का आग्रह किया। कई पेंशनर तो इस दुनिया को छोड़ भी चुके हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार और बोर्ड प्रबंधन सभी आयु वर्ग के पेंशनरों की लंबित राशि को एकसाथ भुगतान करें। उन्होंने आंदोलन की भी चेतावनी दी है। उन्होंने प्रदेश पदाधिकारियों को चेताया कि शिमला इकाई के विघटन और निष्काशन का प्रयास करते रहे तो प्राथमिक सदस्यता से ही निष्कासित किया जाएगा। बैठक में पेंशनर भवन निर्माण के लिए भूमि अलाट करने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। महासचिव सुभाष वर्मा ने कहा कि रिज पर स्टेट लाइब्रेरी के धरातल कक्ष को पेंशनरों को आवंटित किया जाए। नशा निवारण समितियों के गठन में पेंशनरों को शामिल किया जाए। उन्होंने प्रदेश स्तर पर मुख्य सलाहकार समिति का तुरंत गठन कर पेंशनरों से बैठक करने की मांग भी उठाई। पेंशनरों का कहना है कि एक तरफ तो सरकार आर्थिक तंगहाली का रोना रो रही है दूसरी ओर अपने वेतन बढ़ाए जा रहे हैं। इस अवसर पर भागचंद चौहान, भूप राम वर्मा, मोहन ठाकुर, गंगाराम, सुरेंद्र ठाकुर, कामराज, परमानंद भारद्वाज, मीरा ठाकुर, रामलाल, सुदामा राम और नारायण सिंह ने भी पेंशनरों के विभिन्न मुद्दों को उठाया।