चुनाव शेड्यूल तय करने के लिए कमेटी गठित
कारोबारियों की मांग के बाद कमेटी ने दिया आश्वासन
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। लक्कड़ बाजार कारोबारी संघ के 20 अगस्त को तय किए चुनाव टल गए हैं। अब यह चुनाव राखी के त्योहार के बाद ही करवाए जाएंगे।
कुछ कारोबारी नगर निगम द्वारा एक तहबाजारी को डीएवी स्कूल के पुराने गेट के पास बनाए वेंडिंग जोन में बैठाए जाने से नाराज थे। नाराज कारोबारी चुनाव में भाग नहीं लेने की बात कह रहे थे। माना जा रहा है कि इस वजह से फिलहाल चुनाव टालने का फैसला लिया है। चुनाव को लेकर जरूरी प्रक्रिया भी अभी तक शुरू नहीं की गई है।
चुनाव को लेकर बनाए पर्यवेक्षक अनूप वैद्य ने कारोबारियों के साथ बैठक कर निष्पक्ष चुनाव करवाने और चुनावी शेड्यूल तय करने के लिए एक कमेटी का गठन किया है। कमेटी में मदन शर्मा, राम गोपाल सूद, अमरजीत सिंह और मस्त राम को सदस्य बनाया गया है। कमेटी की बैठक में कारोबारियों की ओर से 15 अगस्त (स्वतंत्रता दिवस) और राखी के त्योहार के चलते व्यस्तता का हवाला देते हुए चुनाव राखी के बाद करवाने की मांग उठाई गई। कमेटी ने विचार करने के बाद फिलहाल मतदाता सूची को अंतिम रूप देने, नए सदस्यों को शामिल करने और कारोबार छोड़ चुके पुराने कारोबारियों के नामों को सूची से अपडेट कर नई सूची तैयार करने पर ध्यान केंद्रित करने का फैसला लिया है। इस प्रक्रिया के पूरा होने के बाद ही कमेटी चुनाव करवाने को लेकर कोई अंतिम फैसला लेगी। लक्कड़ बाजार कारोबारी संघ के चुनाव पर्यवेक्षक अनूप वैद्य ने कहा कि अभी चुनाव की तिथि और शेड्यूल को लेकर कोई फैसला नहीं लिया है। 15 अगस्त और राखी के बाद कमेटी की बैठक होगी जिसमें चुनाव की तिथि और शेड्यूल पर निर्णय लिया जाएगा। लक्कड़ बाजार कारोबारी संघ में पूर्व में हुए चुनाव में 180 से अधिक सदस्य थे। मतदाता सूची को अपडेट किए जाने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि इस बार के चुनाव में कितने कारोबारी मतदान करेंगे।