हिमाचल प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव की अभी से तैयारी शुरू हो गई हैं। इसके मद्देनजर वोट बनाने के लिए 87 हजार नए आवेदन पहुंच गए हैं। आपत्तियां लेने के बाद ये जल्द ही बन जाएंगे। इनमें 50 हजार से अधिक आवेदन नए मतदाताओं के बताए जा रहे हैं।
आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए मतदाता सूचियों को संशोधित करने की प्रक्रिया इन दिनों जोरों से चल रही है। सूत्रों ने बताया कि लगभग 87 हजार नए मतदाताओं के आवेदन राज्य निर्वाचन विभाग के पास पहुंच चुके हैं। जो 18 साल की आयु को एक जनवरी 2017 से पहले पूरा कर रहे हैं, वे नए वोटर बनेंगे।
ऐसे लोगों की संख्या लगभग 50 हजार है। इसके अलावा करीब 37 हजार लोग ऐसे हैं, जिन्होंने स्थान परिवर्तन और अन्य कारणों से आवेदन किए हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नरेंद्र चौहान ने पुष्टि की है कि इन दिनों नए मतदाताओं को बनाने की प्रक्रिया चल रही है। मतदाता सूचियां अगले साल नहीं बनेंगी, क्योंकि ये चुनावी वर्ष है। आपत्तियों और सुझावों के बाद जो मतदाता बन जाएंगे, वही वोट करेंगे।