नग्गर से चंद्रखणी होते हुए मलाणा ट्रैकिंग रूट पर निकले आठ इंजीनियरिंग छात्र मौसम खराब होने और बर्फबारी के कारण चंद्रखणी जोत में फंस गए हैं। इनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। छात्रों ने शुक्रवार सुबह 100 नंबर पर फोन कर फंसे होने की सूचना दी, लेकिन उसके बाद से उनका मोबाइल स्विच ऑफ चल रहा है।
प्रशासन ने नग्गर, पिणी और जरी की ओर से बचाव दल भेज दिए हैं, लेकिन अभी तक छात्रों का सुराग नहीं लगा है। मोबाइल स्विच ऑफ होने के कारण छात्रों से संपर्क नहीं हो पा रहा है। इनकी आखिरी लोकेशन जाणा ट्रेस हुई है। बताया जा रहा है कि इन आठ छात्रों में कुल्लू के मौहल का भी एक छात्र है। अन्य छात्र पंजाब और हरियाणा के बताए जा रहे हैं।
इंजीनियरिंग के आठ छात्र नौ मार्च को नग्गर से होते हुए ट्रैकिंग रूट पर मलाणा के लिए निकले थे। अचानक मौसम खराब होने और बर्फबारी के कारण रास्ता भटक गए। किसी तरह से छात्रों ने शुक्रवार सुबह 100 नंबर पर इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही प्रशासन ने मौके पर टीमों को रवाना कर दिया है।