वन भूमि कब्जा कर लाखों-करोड़ों कमाने वालों पर वन विभाग की कुल्हाड़ी चलने के बाद अब प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने अपना शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। निदेशालय ने वन विभाग से उन सभी अवैध कब्जाधारकों का ब्यौरा मांगा है जिन्होंने पांच बीघा से ज्यादा वन भूमि पर कब्जा किया था। इसके अलावा उनमें से जिनके खिलाफ विभाग की ओर से एफआईआर भी दर्ज कराई गई है, उनकी भी जानकारी मांगी गई है। पीसीसीएफ अजय कुमार ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि ईडी की इस मांग पर वन मुख्यालय ने सभी संबंधित डीएफओ और वन संरक्षकों को जांच एजेंसी को जल्द से जल्द जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश जारी कर दिए हैं। हिमाचल हाईकोर्ट के न्यायाधीश राजीव शर्मा और न्यायाधीश सुरेश्वर ठाकुर की खंडपीठ ने 31 अगस्त 2016 को वन भूमि पर अवैध कब्जा कर सेब बगीचे उगाने और करोड़ों की काली कमाई करने वालों पर शिकंजा कसने के लिए ईडी को जांच के आदेश दिए थे।