हिमाचल प्रदेश के 60 हजार से अधिक कारोबारियों के लिए अच्छी सूचना है। वैट और सेंट्रल सेल टैक्स (सीएसटी) रिटर्न भरने की प्रक्रिया बेहद सरल कर दी गई है। दोनों ऑनलाइन रिटर्न भरने के लिए अब केवल एक ही पासवर्ड की जरूरत पड़ेगी। आबकारी एवं कराधान विभाग की ओर से इसका फारमेट जारी कर दिया गया है।
प्रदेश के कारोबारियों को जल्द ही रिटर्न भरने के लिए नया पासवर्ड दे दिया जाएगा। राज्य में अब तक वैट और सीएसटी का ऑनलाइन रिटर्न अलग-अलग भरना पड़ता था। दो स्थान पर रिकॉर्ड मेंटेन करने की जरूरत पड़ती थी, लेकिन सरकार ने इस व्यवस्था को खत्म करके कारोबारियों को बड़ी राहत दी है।
किस तरह से वैट और सीएसटी का रिटर्न एक पासवर्ड के जरिये भरा जाएगा, इसके बारे में आबकारी एवं कराधान विभाग की ओर से नया फारमेट जारी किया गया है। जून से नई व्यवस्था के तहत प्रदेश के कारोबारी एक ही पासवर्ड के जरिये अपना रिटर्न भरना शुरू कर देंगे।
ई-पेमेंट की सुविधा
हिमाचल प्रदेश के कारोबारियों को टैक्स का भुगतान करने के लिए ई-पेमेंट की सुविधा शुरू कर दी गई है। यह सुविधा भी इसी सत्र से शुरू की गई है, जिससे उन्हें किसी भी तरह परेशानी न उठानी पड़े।
कारोबारियों को वैट और सीएसटी भरने के लिए दो पासवर्ड की जरूरत नहीं पडे़गी। एक पासवर्ड के जरिये ही दोनों टैक्स भरे जा सकेंगे। यह व्यवस्था लागू कर दी गई है।- जेसी चौहान, आयुक्त आबकारी एवं कराधान विभाग