भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं लोकसभा सांसद शांता कुमार ने कहा है कि हिंदी के वरिष्ठ पत्रकार वेद प्रताप वैदिक भारत के एक प्रतिष्ठित बुद्धिजीवी राष्ट्र भक्त पत्रकार हैं। हिंदी के लिए उनकी सेवाएं सराहनीय हैं।
एक जागरूक और देशभक्त पत्रकार के रूप में उन्होंने देश में अपना विशिष्ट स्थान बनाया हैं। डा. वैदिक से उन्हें कई बार मिलने का मौका मिलता रहा है और वह उनके व्यक्तित्व से प्रभावित रहे है।
कई बार अच्छे व्यक्तियों से भी अनजाने में बड़ी गलतियां हो जाया करती हैं, लेकिन पाकिस्तान में भारत के दुश्मन आतंकवाद के प्रणेता और मुंबई के आतंकवादी हमले में 166 निर्दोष लोगों की हत्या करवाने की योजना बनाने वाले हाफिज सईद से वेद प्रताप की मुलाकात अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण तथा निंदनीय हैं।
इस संबंध में उनकी अन्य टिप्पणियां भी दुर्भाग्यपूर्ण हैं। उन्होंनेे वेद प्रताप वैदिक से आग्रह किया कि वह अपनी इस भयंकर भूल को उचित ठहराने की कोशिश करके एक और बड़ी भूल न करें।
वह निडर पत्रकार रहे हैं तथा हिम्मत और निर्भीकता से पूरे राष्ट्र से क्षमा याचना मांगें। इस प्रकरण को जरूरत से अधिक तूल दिया जा रहा है। डा. वैदिक खुले दिल से क्षमा याचना करें और देश उन्हें क्षमा कर दे।