कोरोना टेस्ट की रिपोर्ट आने से पहले अंतिम संस्कार करने के मामले में एसडीएम महेंद्र पाल गुर्जर ने नालागढ़ के बीएमओ व तहसीलदार से जवाब मांगा है। न्यू नालागढ़ के एक व्यक्ति की कोरोना टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आई, लेकिन उससे पहले उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया और संस्कार में पूर्व विधायक समेत सैकड़ों लोग शामिल हुए। बहरहाल, इस घटना से संस्कार में शामिल हुए लोगों में कोविड संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ गया है।
न्यू नालागढ़ में बुधवार को एक महिला व एक ट्रांसपोर्टर का निधन हुआ। मौके पर दोनों शव श्मशानघाट पर थे। यह भी भीड़ बढऩे की एक वजह बताई जा रही है। वहीं, ट्रांसपोर्टर की तबीयत खराब होने पर उसके परिजन उसे पीजीआई ले गए जहां पर उसका निधन हो गया। सरकार के निर्देश के अनुसार मृतक व्यक्ति का कोरोना टेस्ट हुआ। लेकिन हैरानी इस बात की है कि टेस्ट की रिपोर्ट तो शाम को आई लेकिन मृतक व्यक्ति का शव दिन के समय जला दिया गया। मृतक की अंतिम यात्रा में लगभग 150 की संख्या में लोग एकत्रित हुए। इस अंतिम संस्कार में नालागढ़ के एक पूर्व विधायक भी शामिल रहे।
शाम को जब उक्त व्यक्ति की रिपोर्ट पॉजिटिव आई तो अंंतिम संस्कार में शामिल लोगों में कोविड को लेकर दहशत का माहौल हो गया। लोगों का कहना है कि उन्हें यह नहीं बताया गया था उक्त व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव था। वे तो यह सोच कर गए कि उनकी मौत सामान्य हुई है। लोगों का यह कहना था कि प्रशासन की इतनी बड़ी चूक से यह बीमारी हर आदमी में फैल सकती है और इसके लिए प्रशासन ही जिम्मेदार होगा। उधर, इस संंबंध में नालागढ़ के एसडीएम महेंद्र पाल गुर्जर ने बताया कि यह मामला उनके ध्यान में आया है। उन्होंने बीएमओ डॉ. केडी जस्सल व तहसीलदार ऋ षभ शर्मा से जवाब मांगा है। उन्होंने कहा कि इस तरह की चूक से कई लोग इस बीमारी चपेट में आ सकते हैं।
अंतिम संस्कार में शामिल एक दर्जन से अधिक लोग किए होम क्वारंटीन
सोलन में बुजुर्ग की हुई मौत के बाद उसके अंमित संस्कार में एक दर्जन से अधिक शामिल हुए लोगों को प्रशासन के सहयोग से क्वारंटीन कर दिया है। गौर हो कि दो दिन पहले सोलन में एक बुजुर्ग की मौत हो गई थी। इसमें बुजुर्ग के कोरोना जांच के लिए सैंपल भी लिए गए थे। जिसकी रिपोर्ट बुजुर्ग के अंतिम संस्कार के बाद परिजनों को मिली। जबकि इस अंमित संस्कार में परिवार सदस्यों सहित अन्य एक दर्जन से अधिक रिश्तेदार इसमें शामिल हुए थे। वहीं, जब परिजनों को रिपोर्ट मिली तो अब शामिल सभी लोगों को स्वास्थ्य विभाग प्रशासन के सहयोग से क्वारंटीन कर रहा है। उधर, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एनके गुप्ता ने बताया कि अंतिम संस्कार में शामिल लोगों को क्वारंटीन किया जा रहा है। उन्होंने अपील की है कि संपर्क में आए अन्य लोग स्वयं होम क्वारंटीन हो जाएं।