मुख्यमंत्री सुक्खू से मुलाकात कर उठाई मांग
अस्पतालों में 24 घंटे सुरक्षा कर्मी तैनात करने का आग्रह
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। हिमाचल प्रदेश मेडिकल ऑफिसर्स एसोसिएशन (एचएमओए) ने चिकित्सकों को नॉन प्रैक्टिस अलाउंस (एनपीए) देने और अस्पतालों में 24 घंटे सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की मांग की है।
एसोसिएशन ने आश्वासित कॅरिअर प्रगति योजना 4-9-14 के तहत वित्तीय लाभ प्रदान करने का भी मुख्यमंत्री से आग्रह किया है। एचएमओए के प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को संघ के अध्यक्ष डॉ. अंकुश ठाकुर की अध्यक्षता में ओकओवर में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू से मुलाकात की। इस दौरान लंबित मांगों के साथ स्वास्थ्य क्षेत्र में आधुनिक मशीनें उपलब्ध करवाने के मुद्दे पर भी चर्चा हुई। प्रतिनिधिमंडल ने सरकारी कर्मचारियों के लिए पांच प्रतिशत महंगाई भत्ते की घोषणा करने पर मुख्यमंत्री का आभार जताया।
मुख्यमंत्री ने संघ की मांगों और उठाए मुद्दों पर हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। साथ ही एसोसिएशन की मांगों और चिकित्सा अधिकारियों से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा करने के लिए 28 अक्तूबर को मुख्यमंत्री कार्यालय में बैठक निर्धारित की है। संघ के अध्यक्ष डॉ. अंकुश ठाकुर ने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में कार्यरत चिकित्सकों की कई मांगें लंबे समय से लंबित हैं। इन मुद्दों को लेकर मुख्यमंत्री के समक्ष पक्ष रखा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आगामी बैठक में चर्चा के बाद इन मांगों के समाधान का रास्ता निकलेगा और लंबित मांगों को जल्द पूरा किया जाएगा।