सीबीआई की नजरें शिमला के भ्रष्ट अफसरों और कर्मचारियों को तलाश रही हैं। इसके लिए सीबीआई आम शहरी से भी सहयोग ले रही हैं। किसी बैंक में कोई लोन केस स्वीकृत करने की एवज में पैसा मांग रहा है या किसी केंद्र सरकार के अधीन आने वाले सरकारी महकमे में प्रोजेक्ट पर रिश्वत मांगी जा रही है तो इसकी सीधी शिकायत आप बेहिचक सीबीआई से कर सकते हैं।
सीबीआई आपकी बात को गंभीरता से लेगी और आरोपी को गिरफ्त में लेने के लिए आप के साथ मिलकर जाल बिछाएगी। सीबीआई शिमला कार्यालय की ओर से आम जनता से अपील की गई है कि भ्रष्टाचारियों को पकड़ने के लिए उनकी मदद करें। अमूमन आम लोग इस बात से बेखबर रहते हैं कि केंद्र सरकार के अधीन विभागों में होने वाले भ्रष्टाचारों की वह सीधी शिकायत सीबीआई से कर सकते हैं।
कोई अधिकारी या कर्मचारी किसी काम को करने की एवज में आप से रिश्वत के तौर पर पैसा मांग रहा है तो इसकी शिकायत सीबीआई से कर सकते हैं। रिश्वत की रकम छोटी हो या फिर बड़ी इस पर कड़ी कार्रवाई होगी। जनता के जागरूक न होने की वजह से शिमला में सीबीआई के पास रिश्वत की कम ही शिकायतें आती हैं।